पुतिन ने रूस का राष्ट्रपति चुनाव जीता

2024-03-18 13:42:31

स्थानीय समय के अनुसार 18 मार्च की सुबह, रूसी केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा जारी राष्ट्रपति चुनाव के लिए ताजा प्रारंभिक मतगणना के मुताबिक, अब तक रूसी राष्ट्रपति चुनाव के लिये 90.15 प्रतिशत वोटों की गिनती हो चुकी है। चारों उम्मीदवारों में से मौजूदा राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 87.21 प्रतिशत मतों के साथ एक महत्वपूर्ण बढ़त बनाए हुए हैं। दरअसल रूस में इस बार के राष्ट्रपति चुनाव में व्लादिमीर पुतिन की जीत हुई है।

व्लादिमीर पुतिन ने 18 मार्च की सुबह भाषण देकर सभी मतदाताओं को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि रूस एक बड़ा परिवार है और इस चुनाव के नतीजे मतदाताओं के विश्वास व उम्मीदों को दर्शाते हैं। देश भर के सभी कार्य पूरे होंगे। रूस आगे बढ़ेगा और अधिक मजबूत, अधिक शक्तिशाली व अधिक कुशल बनेगा।

पुतिन ने बाद के संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वे अपने नए कार्यकाल में रूस के विकास को बढ़ावा देना जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि रूस के विकास के लिए सभी प्रमुख कार्यों को हाल ही में रूसी संसद के दोनों सदनों में दिए गए स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन में बताया गया है। वे निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

बताया जाता है कि रूस के आठवें राष्ट्रपति चुनाव के लिए आधिकारिक मतदान 15 से 17 मार्च तक आयोजित हुआ। रूसी राष्ट्रपति चुनाव नियमों के अनुसार, चुनाव में 50 प्रतिशत से अधिक वोट पाने वाला व्यक्ति राष्ट्रपति चुना जाता है। रूसी केंद्रीय चुनाव आयोग 28 मार्च से पहले राष्ट्रपति चुनाव के परिणामों की पुष्टि करेगा और चुनाव परिणामों की पुष्टि होने के 3 दिनों के भीतर उनकी घोषणा करेगा।

रूसी केंद्रीय चुनाव आयोग की अध्यक्ष एला पामफिलोवा ने 17 मार्च को कहा कि रूस ने इस बार के मतदान की निगरानी के लिए 129 देशों और क्षेत्रों से 1,115 अंतर्राष्ट्रीय पर्यवेक्षकों को आमंत्रित किया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी हो।

 (हैया)

रेडियो प्रोग्राम