चीन में बर्फ खेलों की व्यापक संभावना

2024-02-19 11:18:21

हाल के वर्षों में चीन में बर्फ व्यवसाय के तेज विकास की स्थिति बनी हुई है। बड़ी संख्या में युवा बर्फ से जुड़े खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। पेइचिंग शीतकालीन ओलंपिक के सफल आयोजन के चलते चीन में बर्फ खेल को सर्वव्यापी बनाने और बर्फ व्यवसाय के विकास में नई उम्मीद जगी है। सिलसिलेवार तरीके से उदार नीतियां जारी करने और सामाजिक पूंजी बढ़ाने से बर्फ खेल लगातार लोकप्रिय हो रहे हैं। चीनी राष्ट्रीय खेल महा ब्यूरो का अनुमान है कि वर्ष 2025 तक चीन में बर्फ व्यवसाय का पैमाना 10 खरब युआन तक जा पहुंचेगा।

गौरतलब है कि चीन ने वर्ष 1992 में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय शीतकालीन ओलंपिक में पदक जीता था। 23 फरवरी 1992 को 16वें शीतकालीन ओलंपिक फ्रांस के अल्बर्टविले में समाप्त हुए। उसी साल चीनी टीम ने दो रजत पदक और एक कांस्य पदक जीता। 12 वर्षों के प्रयास के बाद चीन ने पहली बार अंतर्राष्ट्रीय शीतकालीन ओलंपिक का कोई पदक जीता।

वहीं, 24वां अंतर्राष्ट्रीय शीतकालीन ओलंपिक यानी पेइचिंग शीतकालीन ओलंपिक वर्ष 2022 के 4 से 20 फरवरी तक सफलता से आयोजित हुआ। चीनी टीम नौ स्वर्ण पदक, चार रजत पदक और दो कांस्य पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। स्वर्ण पदकों की संख्या और पदकों की कुल संख्या दोनों ने नया रिकॉर्ड कायम किया।

इन दिनों चीन के 14वें शीतकालीन खेल भीतरी मंगोलिया स्वायत्त प्रदेश में आयोजित हो रहे हैं, जो 17 से 27 फरवरी तक चलेंगे। ये पेइचिंग शीतकालीन ओलंपिक के बाद चीन में आयोजित सबसे बड़े और उच्चतम स्तरीय राष्ट्रीय शीतकालीन खेल हैं, जिनमें चीन के विभिन्न क्षेत्रों की 35 टीमों के तीन हजार से अधिक खिलाड़ी प्रतिसपर्धा कर रहे हैं। इसका उद्देश्य वर्ष 2026 अंतर्राष्ट्रीय शीतकालीन ओलंपिक के लिए तैयारी करना है।

14वें शीतकालीन खेलों से बर्फ खेलों पर चीनी लोगों का उत्साह फिर एक बार बढ़ा। बर्फ खेल और बर्फ पर्यटन का मिश्रित विकास बढ़ाने के लिए चीन के विभिन्न क्षेत्रों में कई उदार नीतियां जारी की गई हैं। संस्कृति, पर्यटन और खेल विभागों के बीच घनिष्ठ सहयोग बना हुआ है। बर्फ खेल धीरे-धीरे बर्फ पर्यटन का अनोखा आकर्षण बन गया है।

शीतकालीन ओलंपिक खेलों से चीन में बर्फ खेल के विकास को मौका मिला और खेल जगत में शक्तिशाली देश बनने की नई उम्मीद जगी है। बर्फ खेलों के प्रसार से स्नो स्पोर्टस तेजी से चीनी लोगों की पसंद बन रहा है और भविष्य के लिए बर्फ खेलों में विशाल संभावनाएं नज़र आती हैं।

(ललिता)

रेडियो प्रोग्राम