वांग यी ने चीन-फ्रांस राजनयिक संबंधों की स्थापना की 60वीं वर्षगांठ के समारोह में भाग लिया

2024-01-26 15:34:31

25 जनवरी को चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने चीन की राजधानी पेइचिंग में चीन और फ्रांस के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 60 वीं वर्षगांठ मनाने वाले एक सत्कार समारोह में भाग लिया। अतिथियों ने सबसे पहले चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रोन के वीडियो भाषण सुने।

वांग यी ने कहा कि दोनों राष्ट्रपतियों ने चीन और फ्रांस के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के महान महत्व और गौरवशाली इतिहास की अत्यधिक चर्चा की, और अगले 60 वर्षों में चीन-फ्रांस संबंधों के विकास के लिए एक भव्य खाका तैयार किया, जिसने दोनों पक्षों के भविष्य के प्रयासों के लिए दिशा बताई और प्रोत्साहन दिया।

वांग यी का कहना है कि चीन और फ्रांस दोनों आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर राष्ट्र हैं, दोनों प्राचीन और नित नई सभ्यता वाले और वैश्विक ज़िम्मेदारियों वाले प्रमुख देश हैं। इसने चीन-फ्रांस संबंधों को पारस्परिक-जीत सहयोग, आदान-प्रदान व आपसी सीख और हाथ से हाथ मिलाकर आगे बढ़ने की नींव रखी है। इस के अलावा, चीन और फ्रांस के बीच कोई भूराजनीतिक संघर्ष और मौलिक हितों का टकराव नहीं है। समान और व्यवस्थित बहुध्रुवीय विश्व और सभी को लाभ पहुंचाने वाले आर्थिक वैश्वीकरण को बढ़ावा देने में चीन और फ्रांस के पास उच्च स्तर की रणनीति और व्यापक साझा हित हैं।

वांग यी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों और स्वतंत्र देशों के रूप में, चीन और फ्रांस को बेहतरीन परंपराओं को कायम रखते हुए जिम्मेदारी लेनी चाहिए और चीन-यूरोपीय संघ संबंधों को स्थिर और दूरगामी बनाने का नेतृत्व करना चाहिए, और विश्व शांति, विकास और प्रगति में अधिक योगदान देना चाहिए।

उधर, चीन में फ्रांसीसी राजदूत बर्ट्रेंड लोर्थोलरी ने फ्रांस की ओर से भाषण देते हुए कहा कि फ्रांस संयुक्त रूप से दोनों राष्ट्रापतियों द्वारा पहुंची महत्वपूर्ण सहमति को लागू करेगा, द्विपक्षीय संबंधों की सकारात्मक गति को जारी रखेगा और नये युग में दोनों देशों के बीच दोस्ती का एक नया अध्याय लिखेगा।

बता दें कि इस सत्कार समारोह का सह-आयोजन चीनी जन विदेशी मैत्री संघ और चीन में फ्रांसीसी दूतावास द्वारा किया गया, जिसमें दोनों देशों के विभिन्न जगतों के 200 से अधिक लोगों ने भाग लिया।

(आलिया)

रेडियो प्रोग्राम