"लापा दलिया" खाकर चीनी नववर्ष का स्वागत करें

2024-01-16 09:17:33

इन दिनों, चीनी पारंपरिक त्योहार वसंत त्योहार (चीनी चंद्र पंचांग का नववर्ष) करीब आ रहा है। चीनी चंद्र पंचांग के अनुसार, वर्ष के 12वें महीने को "ला य्वे" कहा जाता है। 11 जनवरी को, "ला य्वे" का प्रथम दिन था, इसके बाद एक ही महीने के भीतर, देश के विभिन्न स्थलों में लोग बाजार का दौरा करने और नए साल का सामान तैयार करने में व्यस्त हैं, साथ ही लोग रंगबिरंगे लालटेन की सुंदरता का आनंद लेते हैं। नववर्ष के आगमन के चलते पूरे देश में वसंत त्योहार का माहौल गर्मजोशी से भर जाता है।

18 जनवरी को, "ला य्वे" का आठवां दिन है, चीनी भाषा में "आठ" को "पा" कहा जाता है। इस तरह, "ला य्वे" के आठवें दिन को "ला पा" कहा जाता है, इस दिन चीनी लोगों का पारंपरिक "लापा त्योहार" मनाते हैं, इस त्योहार का मुख्य रिवाज "लापा दलिया खाना" है। उत्तरी चीन में लोग सिरका बनाने के लिए लहसुन को छीलते हैं, "लापा लहसुन" को भिगोते हैं और "लापा नूडल्स" खाते हैं।

"लापा उत्सव" भव्य बौद्ध त्योहारों में से एक था। बौद्ध अभिलेखों के अनुसार, शाक्यमुनि ने परम ज्ञान प्राप्त करने से पहले कई वर्षों तक तपस्या की, जिससे उनकी शारीरिक स्थिति बहुत कमजोर हो गई थी। इस बीच, उनकी मुलाकात एक चरवाहे की लड़की से हुई जिसने उन्हें दूध से बना दलिया दिया। खाने के बाद, उन्होंने अपनी ताकत वापस पा ली, बोधि वृक्ष के नीचे बैठकर ध्यान किया और साल के 12 महीने की 8 तारीख को उन्हें परम ज्ञान प्राप्त हुआ। इसे मनाने के लिए, बौद्धों ने इस दिन एक धार्मिक सभा आयोजित की और चावल व फलों से दलिया बनाकर बुद्ध को अर्पित किया।

बौद्ध धर्म चीन में प्रवेश होने के बाद, "ला य्वे" के आठवें दिन, विभिन्न मठों ने सुगंधित अनाज और फलों का उपयोग कर दलिया बनाकर इसे शिष्यों और अनुयायियों को दिया। इसे "लापा दलिया" नाम दिया गया। किंवदंती के अनुसार, इस दलिया को खाने के बाद लोगों को बुद्ध का आशीर्वाद मिलता है। इसलिए, "लापा दलिया" को "आशीर्वाद दलिया", "फॉर्च्यून दलिया" और "बुद्ध दलिया" भी कहा जाता है।

"ला पा" मूल रूप से एक बौद्ध त्योहार था, लेकिन यह पीढ़ी दर पीढ़ी विकसित हुआ और धीरे-धीरे चीन में एक प्रसिद्ध लोक त्योहार बन गया। "लापा दलिया" एक प्रकार का दलिया है जो विभिन्न सामग्रियों से बनाया जाता है। इसके शुरुआती लिखित रिकॉर्ड सोंग राजवंश (960-1279) में दर्ज किए गए थे। चीनी लोगों के "लापा दलिया" खाने का इतिहास एक हजार साल से भी पुराना हो गया। पुराने जमाने में हर साल "ला पा" दिवस पर, चाहे शाही दरबार, मठ या आम लोगों के घर हों, उन्हें "लापा दलिया" अवश्य बनाना चाहिए।

उत्तरी चीन में एक कहावत है कि "लापा महोत्सव के बाद नया साल आ रहा है", और लापा महोत्सव मनाने का मतलब वसंत महोत्सव की शुरुआत है। 22 दिसंबर 2023 को, 78वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सर्वसम्मति से वसंत महोत्सव को संयुक्त राष्ट्र अवकाश के रूप में नामित करने का प्रस्ताव अपनाया।

वसंत महोत्सव चीनी संस्कृति में सबसे पुराना और सबसे महत्वपूर्ण पारंपरिक त्योहार है। यह परिवारों के पुनर्मिलन का उत्सव ही नहीं, बल्कि पुराने साल को अलविदा कहने और नए साल का स्वागत करने का उत्सव भी है। आँकड़ों के अनुसार, दुनिया भर में लगभग 20 देश वसंत महोत्सव को कानूनी अवकाश के रूप में मानते हैं, और विश्व की लगभग एक-पांचवीं आबादी चीनी चंद्र पंचांग के नव वर्ष को विभिन्न रूपों में मनाती है।

साल 2024 में चीनी पारंपरिक वसंत त्योहार, पहले संयुक्त राष्ट्र अवकाश के रूप में मनाया जाएगा। दुनिया भर के लोग एक साथ वसंत महोत्सव के लोक रीति-रिवाजों की खुशी का अनुभव करेंगे, और वसंत की उष्मा को महसूस करेंगे।

(श्याओ थांग)

रेडियो प्रोग्राम