थाइवान का चुनाव चीन का अंदरूनी मामला है:चीनी विदेश मंत्रालय

2024-01-15 19:13:19

चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने 15 जनवरी को आयोजित नियमित संवाददाता सम्मेलन में बल देकर कहा कि थाइवान क्षेत्र का चुनाव चीन का अंदरूनी मामला है। चुनाव का नतीजा चाहे जो भी हो, वह इस बुनियादी तथ्य को नहीं बदल सकता कि दुनिया में केवल एक ही चीन है और थाइवान चीन का एक हिस्सा है।

माओ निंग के अनुसार हालाँकि थाइवान जलडमरूमध्य के दोनों किनारों की एकता अभी तक प्राप्त नहीं हुई है, पर चीन की संप्रभुता और क्षेत्र कभी भी विभाजित नहीं हुए हैं। थाइवान चीन की भूमि का एक हिस्सा है, यह कानूनी स्थिति और तथ्य कभी नहीं बदला है। थाइवान जलडमरूमध्य मुद्दे की यही वास्तविक स्थिति है। चीन अंततः पूर्ण पुनर्मिलन हासिल करेगा और थाइवान मातृभूमि के आलिंगन में लौट आएगा।

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में थाइवान के दो चुनावों के नतीजे घोषित होने के बाद, रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा कि रूस थाइवान की किसी भी प्रकार की स्वतंत्रता का विरोध करता है और सभी बाहरी ताकतों से क्षेत्रीय स्थिरता और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा को कमजोर करने वाली उत्तेजक कार्रवाई न करने का आह्वान करता है।

इस बात की चर्चा में माओ निंग ने कहा कि चीन रूस के रुख की सराहना करता है। वास्तव में रूस के अलावा कई देशों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों ने सार्वजनिक रूप से एक-चीन सिद्धांत के पालन की पुष्टि की है और राष्ट्रीय संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा में चीन का दृढ़ता से समर्थन किया है।

चंद्रिमा

रेडियो प्रोग्राम