चीन का विदेशी व्यापार बहुत सक्रिय है

2024-01-13 17:13:40

चीनी कस्टम जनरल ब्यूरो द्वारा 12 जनवरी को जारी आंकड़ों के अनुसार, साल 2023 में चीन का माल व्यापार का कुल आयात और निर्यात मूल्य 417.6 खरब युआन रहा, जिसमें साल 2022 की तुलना में 0.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। चीन के लगातार 7 वर्षों तक माल व्यापार में दुनिया का सबसे बड़ा देश बने रहने की उम्मीद है।

वर्तमान में, वैश्विक आर्थिक सुधार सुस्त है, व्यापार संरक्षणवाद बढ़ रहा है, भू-राजनीतिक संघर्ष जारी है, और दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के विदेशी व्यापार में आम तौर पर तेजी से गिरावट आ रही है। संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2023 में  वैश्विक माल व्यापार में 7.5 प्रतिशत की गिरावट आएगी। ऐसी पृष्ठभूमि में, चीन का आयात और निर्यात प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर है, जो अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और आर्थिक विकास के लिए एक मजबूत बढ़ावा है।

निर्यात के दृष्टिकोण से देखा जाए, तो विश्व व्यापार संगठन की भविष्यवाणियों के अनुसार, साल 2023 में अंतर्राष्ट्रीय बाजार में चीन की निर्यात बाजार हिस्सेदारी अभी भी लगभग 14 प्रतिशत के अपेक्षाकृत उच्च स्तर पर रही। चीन ने दुनिया के सबसे बड़े विनिर्माण देश के रूप में अपने फायदे का भरपूर उपयोग किया है। साल 2023 में, 237.7 खरब युआन के कुल निर्यात मूल्य में से, विनिर्माण उत्पाद 235.1 खरब युआन तक पहुंच गया, जिसमें उपकरण विनिर्माण निर्यात में 2.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो कुल निर्यात मूल्य का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा है। विशेष रूप से, शिपिंग और वाहन उद्योग पर अंतर्राष्ट्रीय समुदाय का ध्यान केंद्रित हुआ है।

वहीं, चीनी वाहन उद्योग संघ द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, साल 2023 में, चीन की वाहन निर्यात मात्रा जापान को पार कर दुनिया की सबसे बड़ी होने की उम्मीद है। इलेक्ट्रिक यात्री वाहन, लिथियम-आयन बैटरी और सौर बैटरी जैसे "तीन नई वस्तुओं" के उत्पादों का कुल निर्यात पहली बार 10 खरब युआन को पार कर 10.6 खरब युआन तक पहुंच गया, जिसकी वृद्धि दर लगभग 30 प्रतिशत है।

इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि "मेड इन चाइना" से "क्रिएटेड इन चाइना" की ओर कदम ने निर्यात में नई गति ला दी है। 2023 में, चीन के स्व-स्वामित्व वाले ब्रांड उत्पादों के निर्यात में 9.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई, और कुल निर्यात मूल्य में उनके अनुपात में 1.7 प्रतिशत अंक की वृद्धि हुई। "वर्ल्ड फ़ैक्टरी" से इनोवेशन हाईलैंड तक, चीन न केवल दुनिया के लिए उत्पाद लाया है, बल्कि उभय जीत सहयोग के अवसर भी लाया है।

उधर, आयात के दृष्टिकोण से देखा जाए, तो वस्तुओं की कीमतों में गिरावट से प्रभावित होकर चीन के आयात मूल्य में थोड़ी गिरावट आई। हालाँकि, आयात की संख्या में 2.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई। कच्चे तेल, प्राकृतिक गैस, अयस्क जैसे कच्चे माल से लेकर विशेष खाद्य पदार्थ, डिजिटल घरेलू उपकरण, सीमा पार ई-कॉमर्स जैसे नए व्यापार प्रारूप और मॉडल तक, ये सब दर्शाते हैं कि चीन का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है, उपभोक्ता मांग मजबूत है, और चीन के अल्ट्रा-बड़े बाजार लाभ जारी हैं।

हाल ही में, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष और अन्य संस्थानों ने साल 2023 के लिए चीन की आर्थिक वृद्धि का अनुमान बढ़ा दिया है। कई अंतरराष्ट्रीय संस्थानों का अनुमान है कि चीन 2023 में वैश्विक आर्थिक विकास में 30 फीसदी से अधिक का योगदान देगा और विश्व अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा इंजन बना रहेगा।

चीन की अर्थव्यवस्था में लगातार सुधार जारी होने के चलते, विदेशी व्यापार के विकास का समर्थन करने के लिए अधिक से अधिक अनुकूल स्थितियां होंगी, जिससे वैश्विक व्यापार और विश्व अर्थव्यवस्था के लिए और अधिक अच्छी खबरें आएंगी।

(श्याओ थांग)

रेडियो प्रोग्राम