2023 चीन समुद्री आर्थिक एक्सपो आयोजित होगा
2023 चीन समुद्री आर्थिक एक्सपो 23 से 25 नवंबर तक दक्षिण चीन के क्वांगतोंग प्रांत के शनचन शहर में होने वाला है। वर्तमान में, 16 देशों और क्षेत्रों के समुद्री क्षेत्र के 658 प्रमुख उद्यमों, संस्थानों और संगठनों ने प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए पंजीकरण करवाया है। ऑफ़लाइन प्रदर्शकों की संख्या में पिछले सत्र की तुलना में 60 प्रतिशत से अधिक की उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है, जिसने एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। एक्सपो के साथ-साथ, 2023 शनचन अंतर्राष्ट्रीय महासागर सप्ताह का भी आयोजन किया जाएगा।
यह एक्सपो कुल 112,500 वर्ग मीटर के प्रदर्शनी क्षेत्र को कवर करेगा, जो इसे अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शनी क्षेत्र बना देगा। इसमें एक मुख्य प्रदर्शनी हॉल और कई विशेष प्रदर्शनी क्षेत्र शामिल होंगे। यह कार्यक्रम समुद्री क्षेत्र, अत्याधुनिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय सहयोग में चीन की नवीनतम उपलब्धियों को प्रदर्शित करेगा। आगंतुकों को समुद्री इंजीनियरिंग, समुद्री नई ऊर्जा, समुद्री इलेक्ट्रॉनिक जानकारी, समुद्री पेशेवर सेवाओं और समुद्री गोताखोरी जैसे विभिन्न व्यावसायिक उपविभागों में नवीन अनुप्रयोग परिदृश्यों, नई तकनीकों और उत्पादों का पता लगाने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा, एक उच्च-स्तरीय वैश्विक महासागर केंद्र शहर फोरम और 20 से अधिक पेशेवर मंच आयोजित किए जाएंगे, जिसमें घरेलू और विदेशी राजनीतिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक क्षेत्रों के 200 से अधिक विशेषज्ञ भाग लेंगे। ये विशेषज्ञ समुद्री प्रौद्योगिकी, समुद्री उद्योग, बंदरगाह शिपिंग, समुद्री सभ्यता और समुद्री शासन जैसे विषयों पर ध्यान केंद्रित करते हुए ऑफ़लाइन भाषण देंगे।
इसके अलावा, वे "चीन की 2030 समुद्री आर्थिक संभावनाएं," "वैश्विक ऊर्जा संक्रमण में समुद्री शक्ति," और "समुद्री प्रौद्योगिकी के अत्याधुनिक क्षेत्रों का विकास" जैसे विषयों पर भी चर्चा करेंगे। इन मंचों का उद्देश्य समुद्री क्षेत्र में चीन और दुनिया भर के देशों के बीच आदान-प्रदान और संवाद को मजबूत करना है।
(आलिया)