शी चिनफिंग ने पेरू की राष्ट्रपति से मुलाकात की

2023-11-17 10:39:00

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 16 नवंबर को सैन फ्रांसिस्को में पेरू की राष्ट्रपति दीना बोलुआर्टे से मुलाकात की। शी चिनफिंग ने जोर देते हुए कहा कि नई स्थिति में चीन-पेरू संबंधों को अच्छी तरह से विकसित करना न केवल दोनों देशों के सामान्य हितों के अनुकूल है, बल्कि एक खुली विश्व अर्थव्यवस्था के निर्माण के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है।

   शी चिनफिंग ने कहा कि पेरू दक्षिण अमेरिका का एक महत्वपूर्ण देश है और नए चीन के साथ राजनयिक संबंध स्थापित करने वाले पहले लैटिन अमेरिकी देशों में से एक है। चीन और पेरू एक-दूसरे के मूल हितों और प्रमुख चिंताओं से जुड़े मुद्दों पर एक-दूसरे को समझते हैं और एक-दूसरे का समर्थन करते हैं। द्विपक्षीय सहयोग लगातार आगे बढ़ रहा है। इस वर्ष चीन और पेरू के बीच सर्वांगीण रणनीतिक साझेदारी संबंध स्थापना की 10वीं वर्षगांठ है। पिछले 10 वर्षों में हमें अपने सहयोग में बड़ी उपलब्धियां मिलीं। चीन पेरू का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है, पेरू लैटिन अमेरिका में चीन का दूसरा सबसे बड़ा निवेश गंतव्य बन गया है, और संयुक्त रूप में "बेल्ट एंड रोड" के निर्माण में दोनों देशों के बीच सहयोग तेजी से और लगातार आगे बढ़ रहा है।

   शी चिनफिंग ने कहा कि दोनों पक्षों को आपसी राजनीतिक विश्वास को गहरा करना चाहिए, रणनीतिक संचार को मजबूत करना चाहिए, अपनी राष्ट्रीय परिस्थितियों के अनुकूल विकास पथ अपनाने में एक-दूसरे का दृढ़ता से समर्थन करना चाहिए, विकास रणनीतियों को जोड़ने की प्रक्रिया को मजबूत करना चाहिए और संयुक्त रूप से "बेल्ट एंड रोड" के निर्माण में और अधिक उपलब्धियां हासिल करने को बढ़ावा देना चाहिए।

   दीना बोलुआर्टे ने कहा कि पेरू और चीन दोनों प्राचीन सभ्यताओं वाले देश हैं और दोनों देशों की जनता के बीच मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान का एक लंबा इतिहास है। दोनों देशों के बीच सर्वांगीण रणनीतिक साझेदारी संबंध की स्थापना से आब तक के 10 सालों में दोनों पक्ष एक-दूसरे का सम्मान और समर्थन करते रहे हैं। पेरू चीन के साथ संबंधों को गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और दोनों देशों के बीच सहयोग तंत्र का बेहतर लाभ उठाने, सर्वांगीण रणनीतिक सहयोग के स्तर में लगातार सुधार करने और हरित अर्थव्यवस्था और अन्य क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग को गहरा करने की उम्मीद करता है। पेरू एक-चीन सिद्धांत का पालन करता है और "बेल्ट एंड रोड" के संयुक्त निर्माण में सक्रिय रूप से भाग लेता है।

(वनिता)

रेडियो प्रोग्राम