विश्व शहर दिवस:सभी के लिए सतत् शहरी भविष्य का वित्तपोषण

2023-10-29 10:18:28

हर साल 31 अक्टूबर को विश्व शहर दिवस मनाया जाता है, इसकी शुरुआत साल 2010 में चीन के शांगहाई में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो से हुई थी। साल 2010 शांगहाई वर्ल्ड एक्सपो के शिखर मंच ने "शांगहाई घोषणा-पत्र" जारी कर 31 अक्तूबर, वर्ल्ड एक्सपो के समापन दिवस को "विश्व शहर दिवस" के रूप में नामित करने की वकालत की, ताकि शांगहाई विश्व एक्सपो की अवधारणाएं और प्रथाएं स्थाई रूप से अस्तित्व में आ सकें।

दिसंबर 2013 में, संयुक्त राष्ट्र महासभा के 68वें सत्र ने प्रस्ताव पारित कर साल 2014 से हर साल 31 अक्टूबर को विश्व शहर दिवस के रूप में निर्धारित करने का निर्णय लिया। यह दिवस शहरों की थीम के साथ संयुक्त राष्ट्र का पहला अंतर्राष्ट्रीय दिवस है, और संयुक्त राष्ट्र में चीन द्वारा प्रचारित पहला अंतर्राष्ट्रीय दिवस भी है, जिसका समग्र विषय "बेहतर शहर, बेहतर जीवन" है।

विश्व शहर दिवस हर साल शहरी सतत् विकास के ज्वलंत मुद्दों पर आधारित एक वार्षिक थीम लॉन्च करता है। साल 2023 की थीम "सभी के लिए सतत् शहरी भविष्य का वित्तपोषण" है।

11 मई 2021 को, चीन में आयोजित सातवीं राष्ट्रीय जनगणना के नतीजे बताते हैं कि चीन में शहरों में रहने वाली आबादी 90 करोड़ 19 लाख 90 हज़ार तक पहुंच गई है, जो देश की कुल जनसंख्या में 63.89 प्रतिशत का अनुपात है। इसका मतलब यह है कि शहर देश में आर्थिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक, सामाजिक आदि गतिविधियों का केंद्र बन गए हैं।

चीन में सुधार और खुलेपन के साथ-साथ, शहरीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। शहरों का आकार और शहरों में जनसंख्या और भी अधिक बढ़ गई है, और शहरों की औद्योगिक संरचना अधिक विविध हो गई है। साथ ही, शहरी निर्माण और नियोजन भी मानवीकरण, पर्यावरण संरक्षण और सतत् विकास पर अधिक ध्यान देते हैं।

21वीं सदी के बाद से, चीनी शहरों का आधुनिकीकरण निर्माण एक नए चरण में प्रवेश कर गया है। शहरी नियोजन और निर्माण में मानवीकरण, बुद्धिमत्ता और हरितता पर अधिक ध्यान दिया गया है और शहर के परिवहन, पर्यावरण, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य पहलुओं में काफी सुधार किया गया है। इसके साथ ही, चीनी शहरों के आधुनिकीकरण को अंतर्राष्ट्रीय समुदाय द्वारा भी मान्यता और प्रशंसा मिली है। उदाहरण के लिए, साल 2019 में, चीन के शनचन शहर को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्मार्ट शहर का दर्जा दिया गया था और यह चीन के शहरी आधुनिकीकरण निर्माण का प्रतिनिधि बन गया है।

जीवन शक्ति से ओतप्रोत शहरीकरण के युग में, सतत् शहरी विकास बहुत महत्वपूर्ण है। शहर दुनिया भर के सभी देशों के लिए साझा भविष्य की कुंजी रखते हैं। ऐसे शहरों और समुदायों को आकार देना जो लचीले, समावेशी और समृद्ध हों, यह एक उज्ज्वल और सतत् भविष्य का मार्ग प्रशस्त करता है।

जैसा कि संयुक्त राष्ट्र उप महासचिव और यूएन-हैबिटेट कार्यकारी निदेशक मैमुना मोहम्मद शरीफ़  ने इस वर्ष 2 अक्तूबर को विश्व पर्यावास दिवस के वैश्विक उत्सव उद्घाटन समारोह में भाषण देते समय कहा कि शहर सक्रिय पारिस्थितिकी तंत्र हैं, मानव क्षमता और नवीन गतिविधियों से भरपूर हैं। शहर हमारा भविष्य हैं।

(श्याओ थांग)

रेडियो प्रोग्राम