विभिन्न पक्षों के साथ परमाणु निरस्त्रीकरण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने को तैयार चीन

2023-09-27 15:04:10

संयुक्त राष्ट्र स्थित चीन के उप स्थायी प्रतिनिधि गेंग श्वांग ने 26 सितंबर को कहा कि चीन विभिन्न पक्षों के साथ परमाणु निरस्त्रीकरण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने को तैयार है, ताकि जल्द से जल्द परमाणु हथियार रहित दुनिया के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास किया जा सके।

   गेंग श्वांग ने उस दिन "परमाणु हथियारों के पूर्ण उन्मूलन के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस" को मनाने और प्रचारित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा की उच्च स्तरीय बैठक में कहा कि परमाणु हथियार विभिन्न देशों के लिए एक बड़ा सुरक्षा खतरा है। परमाणु हथियारों को व्यापक रूप से प्रतिबंधित और पूरी तरह से नष्ट करना और अंततः परमाणु हथियारों के बिना एक दुनिया की स्थापना करना सभी मानव जाति की सामान्य दीर्घकालिक इच्छा है। चीन गुटनिरपेक्ष आंदोलन द्वारा प्रस्तावित परमाणु निरस्त्रीकरण पहल का समर्थन करता है और "परमाणु हथियारों के पूर्ण उन्मूलन के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस" मनाने और बढ़ावा देने के लिए एक बैठक आयोजित करने में संयुक्त राष्ट्र महासभा का समर्थन करता है।

   गेंग श्वांग ने कहा कि जटिल और गंभीर स्थिति का सामना करते हुए, अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को सच्चे बहुपक्षवाद का पालन करना चाहिए, परमाणु हथियारों के अप्रसार की संधि के लक्ष्यों और उद्देश्यों की रक्षा करनी चाहिए और संयुक्त रूप से अंतर्राष्ट्रीय परमाणु निरस्त्रीकरण प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहिए।

   गेंग श्वांग ने कहा कि चीन हमेशा एक रक्षात्मक राष्ट्रीय रक्षा नीति अपनाता है, आत्मरक्षा की परमाणु रणनीति का पालन करता है। चीन किसी भी समय और किसी भी परिस्थिति में परमाणु हथियारों का उपयोग करने वाला पहला देश नहीं बनने का वादा करता है, और बिना शर्त गैर-परमाणु हथियार वाले देशों और परमाणु हथियार मुक्त क्षेत्रों के खिलाफ परमाणु हथियारों का उपयोग नहीं करेगा या उपयोग करने की धमकी नहीं देगा। यह अंतर्राष्ट्रीय परमाणु निरस्त्रीकरण के लिए चीन की गंभीर प्रतिबद्धता और प्रमुख योगदान है।

(वनिता)

रेडियो प्रोग्राम