दक्षिण कोरिया में भारी बारिश, पीड़ितों की संख्या बढ़ी

2023-07-17 11:58:51

दक्षिण कोरिया के केंद्रीय आपदा सुरक्षा प्रतिवाद मुख्यालय ने 17 जुलाई को बताया कि उसी दिन  सुबह 6 बजे तक दक्षिण कोरिया में भारी बारिश से आई बाढ़ व भूस्खलन से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 39 पहुंच गयी। दक्षिण कोरिया की मौसम विज्ञान एजेंसी ने रिपोर्ट की कि दक्षिण कोरिया में कई जगहों पर बारिश 17 जुलाई को भी जारी रहेगी।

स्थानीय समय के अनुसार 16 जुलाई की रात दक्षिण कोरिया के चिआंगजू शहर के ओसोंग ज़िले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में बचाव कार्य अभी भी जारी है। दक्षिण कोरिया के अग्निशमन, पुलिस और सेना के कुल मिलाकर लगभग 900 कर्मियों और लगभग 100 उपकरणों ने बचाव कार्यों में भाग लिया। अब तक, बचावकर्मियों को दुर्घटनास्थल पर पीड़ितों की 10 लाशें मिली हैं।

बताया जाता है कि भारी वर्षा के इस दौर में, दक्षिण कोरिया के 14 शहरों और प्रांतों के लगभग 9,500 निवासियों को दूसरी जगहों पर स्थानांतरित किया गया। वर्तमान में लगभग 5,500 लोग अस्थायी शिविरों में रह रहे हैं। मूसलाधार बारिश के कारण लगभग 20 हजार हेक्टेयर फसलें पानी में डूब गईं और 5 लाख 61 हज़ार मुर्गियां मर चुकी हैं। 280 स्थानों पर सड़कें और बांध आदि सार्वजनिक सुविधाएं क्षतिग्रस्त हो गईं हैं।

(हैया)

रेडियो प्रोग्राम