इरिट्रिया के राष्ट्रपति की चीन यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों में नई गति आएगी:चीनी विदेश मंत्रालय

2023-05-13 17:18:08

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के निमंत्रण पर, इरिट्रिया के राष्ट्रपति इसाईस अफवेर्की 14 मई से चीन की राजकीय यात्रा करेंगे। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वनपिन ने 12 मई को आयोजित नियमित संवाददाता सम्मेलन में इरिट्रिया के राष्ट्रपति इसाईस अफवेर्की की चीन- यात्रा के बारे में जानकारी दी । उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह यात्रा चीन- इरिट्रिया संबंधों के व्यापक और गहन विकास में नई गति प्रदान करेगी और दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण सहयोग में निरंतर नई प्रगति को बढ़ावा देगी।

वांग वनपिन ने कहा कि इरिट्रिया हॉर्न ऑफ अफ्रीका का एक महत्वपूर्ण देश है। चीन और इरिट्रिया के बीच सम्बंध हमेशा अच्छे रहे हैं। 2022 में, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और इरिट्रिया के राष्ट्रपति ने संयुक्त रूप से चीन-इरिट्रिया संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में अपग्रेड करने का निर्णय लिया। इस वर्ष चीन और इरिट्रिया के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 30वीं वर्षगांठ है। वर्तमान में, दोनों देशों के बीच पारस्परिक राजनीतिक विश्वास गहरा हो रहा है, व्यावहारिक सहयोग के फलदायी परिणाम सामने आए हैं, और दोनों देशों ने अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मामलों में घनिष्ठ संचार और समन्वय बनाए रखा है। इसाईस की चीन-यात्रा के दौरान, शी चिनफिंग उनके लिए एक स्वागत समारोह और एक स्वागत भोज आयोजित करेंगे, और दोनों राष्ट्राध्यक्ष वार्ता करेंगे।

(आशा)

 

रेडियो प्रोग्राम