छिन कांग ने म्यांमार मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव की विशेष दूत से मुलाकात की

2023-05-02 22:25:13

चीनी विदेश मंत्री छिन कांग ने 1 मई को पेइचिंग में म्यांमार मामले पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव की विशेष दूत नोलीन हेज़र से मुलाकात की।

इस मौके पर छिन कांग ने कहा कि म्यांमार चीन का करीबी पड़ोसी है। चीन किसी भी अन्य देश से ज्यादा उम्मीद करता है कि म्यांमार स्थिर विकास हासिल करेगा। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को म्यांमार की संप्रभुता का सम्मान करना और म्यांमार में संवैधानिक और कानूनी ढांचे के भीतर राजनीतिक संवाद के माध्यम से मतभेदों को दूर करने और राजनीतिक परिवर्तन की प्रक्रिया पुनः आरंभ करने के लिए म्यांमार में सभी दलों और गुटों का समर्थन करना चाहिए। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को आसियान की मध्यस्थता के प्रयासों का सम्मान करना चाहिए और आसियान की "पांच सूत्री आम सहमति" के कार्यान्वयन को बढ़ाना चाहिए। सभी पक्षों को संघर्ष की तीव्रता और संकट के फैलाव को रोकने के लिए विवेकपूर्ण और व्यावहारिक रूप से कार्य करना चाहिए। उम्मीद है कि विशेष दूत नोलीन हेज़र निष्पक्षता बनाए रखेंगी और एक सेतु की भूमिका निभाएंगी। चीन उन्हें समर्थन और सहायता देना जारी रखना चाहता है।

नोलीन हेज़र ने कहा कि म्यांमार मुद्दे का समाधान म्यांमार के नेतृत्व में होना चाहिए और म्यांमार के लोगों की इच्छा का सम्मान किया जाना चाहिए। संवाद अतीत को नहीं बदल सकते, पर वे भविष्य को बदल सकेंगे। संयुक्त राष्ट्र वार्ता के माध्यम से म्यांमार में शांति और सुरक्षा प्राप्त करने और क्षेत्रीय सामान्य विकास और समृद्धि को बढ़ाने की वकालत करता है । साथ ही सभी पक्षों को मानवाधिकारों का सम्मान करते हुए उन्हें बनाए रखना चाहिए। संयुक्त राष्ट्र इसमें सक्रिय भूमिका निभाने में आसियान का समर्थन करता है। संयुक्त राष्ट्र म्यांमार मुद्दे के समाधान को बढ़ाने में चीन की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करता है। उम्मीद है कि चीन म्यांमार की शांति, स्थिरता और विकास में सकारात्मक योगदान देना जारी रखेगा।

(हैया)

रेडियो प्रोग्राम