चीन का अविभाज्य हिस्सा है थाईवान:माओ निंग

2023-04-24 19:00:10

रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में ब्रिटिश विदेश मंत्री जेम्स क्लेवेरी ने अपने इन्टरव्यू में कहा कि थाईवान मामला चीन का आंतरिक मामला नहीं है। थाईवान मुद्दे का शांतिपूर्ण समाधान सबके हित में है।

इसकी चर्चा करते हुए चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने 24 अप्रैल को पेइचिंग में आयोजित नियमित संवाददाता सम्मेलन में आशा जताई कि ब्रिटेन सही और गलत के सैद्धांतिक मुद्दे पर जागता रहेगा और सावधान रहेगा। दुनिया में एक ही चीन है, थाईवान चीन का एक अविभाज्य हिस्सा है।

उन्होंने बल देते हुए कहा कि थाईवान मुद्दा विशुद्ध रूप से चीन का आंतरिक मामला है और चीन के मूल हितों का केंद्र है। थाईवान मुद्दे का समाधान चीनी लोगों का अपना मामला है, और किसी भी देश को इसमें हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है।

उधर, अमेरिका ने दक्षिण कोरिया से चीन को चिप निर्यात प्रतिबंधित करने का आह्वान किया। इसकी चर्चा करते हुए माओ निंग ने कहा कि इस प्रकार का स्वार्थी व्यवहार अलोकप्रिय है और चीन इसका दृढ़ विरोध करता है। हम संबंधित देश की सरकार और उद्यमों से सही और गलत में अंतर करने, संयुक्त रूप से बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली की रक्षा करने और वैश्विक औद्योगिक श्रृंखला व आपूर्ति श्रृंखला की स्थिरता बनाए रखने का आह्वान करते हैं।

वहीं, 24 अप्रैल को आयोजित नियमित संवाददाता सम्मेलन में माओ निंग ने चीन के रूस और फ्रांस को चंद्रमा के नमूने दान करने की स्थिति से अवगत करायी। उन्होंने कहा कि चीन बाहरी अंतरिक्ष का संयुक्त रूप से खोजने और शांतिपूर्वक उपयोग करने के लिए अन्य देशों के साथ सहयोग को और मजबूत करने को तैयार है।

बताया गया है कि इस वर्ष अप्रैल में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की चीन यात्रा के दौरान चीन ने फ्रांस को वैज्ञानिक उपयोग के लिए 1.5 ग्राम चंद्रमा के नमूने भेंट किए। गत वर्ष फरवरी में, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की चीन यात्रा के दौरान, चीन ने वैज्ञानिक उपयोग के लिए रूस को 1.5 ग्राम चंद्रमा के नमूने दान किए। इस वर्ष मार्च में, राष्ट्रपति शी चिनफिंग की रूस यात्रा के दौरान, रूस ने बदले में चीन को वैज्ञानिक उपयोग के लिए 1.5 ग्राम चंद्रमा के नमूने दिए थे।

(श्याओ थांग) 

रेडियो प्रोग्राम