बोआओ एशिया मंच में वैश्विक चुनौतियों का संयुक्त रूप से मुकाबला करने का आह्वान

2023-03-31 11:03:18

बोआओ एशिया मंच के 2023 वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन समारोह 30 मार्च को दक्षिण चीन के हाईनान प्रांत के बोआओ शहर में आयोजित हुआ। इसमें भाग लेने वाले विभिन्न देशों के नेताओं ने भाषण देते हुए कहा कि सभी देशों को एकता और सहयोग पर डटे रहते हुए वैश्विक चुनौतियों का संयुक्त रूप से मुकाबला करना चाहिए, संयुक्त रूप से वैश्विक आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देना चाहिए।

सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली ह्सेन लूंग ने कहा कि चीन दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है, इसका उपभोक्ता बाजार बहुत बड़ा है और लगातार विस्तृत हो रहा है। चीन में विज्ञान और प्रौद्योगिकी का स्तर तेजी से विकसित हो रहा है, और चीन की श्रम शक्ति की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो रहा है। सिंगापुर अपनी अर्थव्यवस्था को खोलने और बहुपक्षवाद व क्षेत्रीय सहयोग को जारी रखने के लिए चीन की प्रतिबद्धता का स्वागत करता है, और क्षेत्रीय व वैश्विक विकास एवं समृद्धि को बढ़ावा देने, एशिया और दुनिया को लाभ पहुंचाने के लिए सभी पक्षों के सक्रिय प्रयास की प्रतीक्षा करता है।

उधर, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने कहा कि वैश्विक समस्याओं को एकतरफा तरीके से हल नहीं किया जा सकता है। वैश्विक चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए एक मजबूत, पारदर्शी और नियम-आधारित बहुपक्षीय प्रणाली पर निर्भर रहना चाहिए। वर्तमान समस्याओं को हल करने और भविष्य के विकास को बढ़ावा देने के लिए, सभी देशों को सक्रिय रूप से अवसरों का लाभ उठाते हुए संवाद और सहयोग को मजबूत करना चाहिए।

उधर, मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा कि "बेल्ट एंड रोड" के संयुक्त निर्माण की उपलब्धियां देशों के बीच एकजुटता और सहयोग के महत्व को पूरी तरह से दर्शाती हैं। सभी देशों को घनिष्ठ रूप से एकजुट होकर सहयोग करते हुए असमानता को खत्म करने, सामाजिक समानता को बढ़ावा देने और लोगों के जीवन स्तर में सुधार करने के लिए प्रयास करना चाहिए।

वहीं, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की महानिदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा ने कहा कि दशकों से एशियाई देशों के लिए व्यापार एकीकरण सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि में एक महत्वपूर्ण कारक रहा है। एकजुटता और सहयोग के माध्यम से ही आज की दुनिया के सामने मौजूद कई अनिश्चितताओं का सामना किया जा सकता है, और दुनिया अधिक समृद्ध व सुरक्षित हो सकती है।

(श्याओ थांग)

रेडियो प्रोग्राम