वांग यी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 77वें सत्र के अध्यक्ष से मुलाकात की

2023-02-03 16:06:29


 

चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य और केंद्रीय वैदेशिक मामलात कमेटी के कार्यालय के प्रमुख वांग यी ने 2 फरवरी को पेइचिंग में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 77वें सत्र के अध्यक्ष साबा कोरोसी से मुलाकात की।

वांग यी ने कहा कि चीन विभिन्न देशों के साथ मिलकर संयुक्त राष्ट्र पर केंद्रित अंतर्राष्ट्रीय प्रणाली और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों और सिद्धांतों पर आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था की मजबूती से रक्षा करने को तैयार है। चीन संयुक्त राष्ट्र को दृढ़ समर्थन देना जारी रखेगा, और संयुक्त राष्ट्र के साथ सहयोग को और मजबूत करने, वैश्विक विकास पहल व वैश्विक सुरक्षा पहल को लागू करने, संयुक्त राष्ट्र 2030 सतत विकास एजेंडा को आगे बढ़ाने और जल संसाधन, जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता समेत वैश्विक चुनौतियों का संयुक्त रूप से मुकाबला करने को तैयार है।

कोरोसी ने संयुक्त राष्ट्र और बहुपक्षवाद का समर्थन करने के लिए चीन सरकार को धन्यवाद दिया और चीन को राष्ट्रीय विकास का एक नया अध्याय खोलने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र चीन के साथ सहयोग मजबूत करने, महामारी को दूर करने के लिए हाथ मिलाने, संयुक्त रूप से विकास वित्तपोषण, जल संसाधन और जलवायु परिवर्तन समेत वैश्विक चुनौतियों का निपटारा करने और संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास एजेंडे को बढ़ाने की उम्मीद करता है।

दोनों पक्षों ने आम चिंता वाले मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। (मीनू)

रेडियो प्रोग्राम