छिन कांग ने यूएन महासभा के 77वें सत्र के अध्यक्ष के साथ वार्ता की

2023-02-03 18:20:26

 

चीनी विदेश मंत्री छिन कांग ने 2 फरवरी को पेइचिंग में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 77वें सत्र के अध्यक्ष साबा कोरोसी से मुलाकात की।

छिन कांग ने कहा कि वर्तमान दुनिया में गहरा बदलाव आ रहा है, कोविड-19 महामारी अभी खत्म नहीं हुई है, और भू-राजनीतिक संघर्ष फिर से शुरू हो रहे हैं, और वैश्विक चुनौतियां एक-एक करके उभर रही हैं। सभी पक्षों को संयुक्त राष्ट्र से बहुत उम्मीदें हैं। संयुक्त राष्ट्र को वैश्विक शासन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए निष्पक्ष तरीके से बोलने और काम करने के सिद्धांत का पालन करना चाहिए, शांति और सुरक्षा बनाए रखना और निष्पक्षता व न्याय की रक्षा करनी चाहिए, समावेश का पालन करते हुए विकास को वैश्विक एजेंडे के केंद्र में रखना चाहिए। ताकि विकास के परिणामों से सभी देशों के लोगों को लाभ मिल सके। और साथ ही सच्चे बहुपक्षवाद का पालन करते हुए वैश्विक शासन को संपूर्ण करना चाहिए, संपर्क और परामर्श के माध्यम से आम सहमति हासिल करनी चाहिए, खुलेपन और समावेशिता का पालन करते हुए वैचारिक टकराव को त्यागते हुए सभ्यताओं के बीच आपसी सीखने को बढ़ावा देना चाहिए। संयुक्त राष्ट्र महासभा संयुक्त राष्ट्र का सबसे सार्वभौमिक और सबसे व्यापक प्रतिनिधित्व करने वाली चार्टर संस्था है। चीन संयुक्त राष्ट्र महासभा और इसके अध्यक्ष के काम का पूरा समर्थन करना जारी रखेगा।

कोरोसी ने कहा कि चीन संयुक्त राष्ट्र का महत्वपूर्ण साझेदार है और वे संयुक्त राष्ट्र को दीर्घकालिक मजबूत समर्थन देने के लिए चीन के आभारी हैं। संयुक्त राष्ट्र एक प्रमुख देश के रूप में चीन के प्रभाव और अग्रणी भूमिका को बहुत महत्व देता है, और चीन के साथ बहुपक्षवाद को मजबूत करने, वैश्विक शासन को संपूर्ण करने, टकराव के बजाय संवाद की वकालत करने और एकजुट होकर वैश्विक चुनौतियों का निपटारा करने को तैयार है। संयुक्त राष्ट्र हमेशा एक चीन के सिद्धांत का पालन करता है और किसी भी तरह से इससे विचलित नहीं होगा।

दोनों पक्षों ने आम चिंता वाले अंतरराष्ट्रीय गर्म मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया, और जापान द्वारा परमाणु-दूषित जल को समुद्र में छोड़े जाने के मुद्दे पर कहा कि मनुष्य जिस एकमात्र ग्रह पर रहता है, उसे जिम्मेदार तरीके से संरक्षित किया जाना चाहिए।

(मीनू)

रेडियो प्रोग्राम