शी चिनफिंग और ओलाफ़ स्कोल्ज़ के बीच हुई वार्ता

2022-11-04 17:03:54

 

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 4 नवंबर को पेइचिंग स्थित जन बृहद भवन में चीन की यात्रा कर रहे जर्मन चांसलर ओलाफ़ स्कोल्ज़ से वार्ता की।

शी चिनफिंग ने कहा कि आप चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की 20वीं राष्ट्रीय कांग्रेस के बाद चीन की यात्रा करने वाले पहले यूरोपीय नेता हैं। वह आपके पद भार ग्रहण करने के बाद चीन की पहली यात्रा भी है। विश्वास है कि इस यात्रा से आपसी समझ और विश्वास बढ़ेगा, विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग गहरा होगा और अगले चरण में चीन-जर्मनी संबंधों के विकास के लिए अच्छी योजना बनेगी।

शी चिनफिंग ने जोर देकर कहा कि चीन-जर्मनी संबंधों का आज के उच्च स्तर तक विकास को चीन और जर्मनी की कई पीढ़ियों के नेताओं की दूरदर्शिता और राजनीतिक साहस से अलग नहीं किया जा सकता है। इस वर्ष चीन और जर्मनी के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ है। 50 साल के इतिहास से पता चलता है कि जब आपसी सम्मान, मतभेदों को किनारे रखते हुए समानताओं की खोज करने, आदान-प्रदान और आपसी सीख, और सहयोग व उभय जीत के सिद्धांतों का पालन किया जाता है, तो द्विपक्षीय संबंधों की सामान्य दिशा नहीं भटकती और कदम स्थिर होता है। वर्तमान में, अंतर्राष्ट्रीय स्थिति जटिल और अस्थिर है। प्रभावशाली शक्तियों के रूप में चीन और जर्मनी को परिवर्तन और अराजकता की स्थिति में हाथ मिलाकर विश्व शांति और विकास में अधिक योगदान देना चाहिए। चीन जर्मनी के साथ भविष्योन्मुखी सर्वांगीण रणनीतिक साझेदारी बनाने और चीन-जर्मनी व चीन-यूरोप संबंधों के नए विकास को बढ़ाने को तैयार है।

शी चिनफिंग ने सीपीसी की 20वीं राष्ट्रीय कांग्रेस की मुख्य स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए चीनी शैली वाले आधुनिकीकरण के वास्तविक महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिकीकरण सभी देशों के लोगों की सामान्य अपेक्षा और लक्ष्य है, लेकिन प्रत्येक देश को अपनी वास्तविकता के आधार पर रास्ता चुनना चाहिए। चीनी शैली वाले आधुनिकीकरण में न केवल सभी देशों के आधुनिकीकरण की सामान्य विशेषताएं हैं, बल्कि अपनी राष्ट्रीय परिस्थितियों पर आधारित चीनी विशेषताएं भी हैं। यह चीन की अनूठी वस्तुनिष्ठ स्थितियों, चीन की सामाजिक व्यवस्था और राज्य शासन की अवधारणा और आधुनिकीकरण को साकार करने में चीन के दीर्घकालिक अभ्यास द्वारा निर्धारित किया जाता है। चीन हमेशा अपने स्वयं के विकास के माध्यम से विश्व शांति को बनाए रखता है। और चीन का विकास व विश्व विकास आपस में जुड़ा हुआ है। चीन अडिग रूप से उच्च स्तरीय खुलेपन को बढ़ावा देगा, आर्थिक वैश्वीकरण की सही दिशा का पालन करेगा, एक खुली विश्व अर्थव्यवस्था के निर्माण को बढ़ावा देना जारी रखेगा और अन्य देशों के साथ हितों के जुड़ाव का विस्तार करेगा।

स्कोल्ज़ ने कहा कि इस वर्ष जर्मनी और चीन के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ है। मुझे चीन की यात्रा के लिए आमंत्रित किए जाने और जर्मनी-चीन संबंधों और आम चिंता वाले महत्वपूर्ण मुद्दों पर आपके साथ गहन आदान-प्रदान करने पर बहुत खुशी है। मैं चीन के विकास की संभावनाओं का परिचय करने के लिए आपका आभारी हूं। वर्तमान अंतर्राष्ट्रीय स्थिति जटिल और गंभीर है। और यूरोपीय महाद्वीप भी अभूतपूर्व नई चुनौतियों का सामना कर रहा है। चीन कई वैश्विक मुद्दों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जैसे कि जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता की रक्षा, कोविड-19 महामारी के मुकाबले और खाद्य संकट के निपटारे इत्यादि। जर्मनी चीन के साथ क्षेत्रीय और विश्व शांति व सुरक्षा को बेहतर ढंग से बनाए रखने के लिए संपर्क और समन्वय बनाए रखने को तैयार है। चीन जर्मनी और यूरोप का एक महत्वपूर्ण आर्थिक और व्यापारिक साझेदार है। जर्मनी व्यापार उदारीकरण का दृढ़ता से समर्थन करता है, आर्थिक वैश्वीकरण का समर्थन करता है, और "संबंध-विच्छेद" का विरोध करता है। जर्मनी चीन के साथ आर्थिक और व्यापारिक सहयोग को गहरा करने, दोनों देशों के उद्यमों का एक दूसरे के देश में निवेश व सहयोग करने के लिए समर्थन करने को तैयार है। जर्मनी उन मुद्दों पर चीन के साथ विचारों का आदान-प्रदान करने, जहां दोनों पक्षों की असंगत स्थिति है, समझ और आपसी विश्वास को बढ़ाने, जर्मनी-चीन संबंधों को स्थिर, मजबूत और विकसित करने का प्रयास करने को भी तैयार है। दुनिया को एक बहु-ध्रुवीय पैटर्न की जरूरत है, और उभरते देशों की भूमिका और प्रभाव पर ध्यान देने की जरूरत है। जर्मनी गुटों के टकराव का विरोध करता है, और राजनीतिज्ञों को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। जर्मनी यूरोप-चीन संबंधों के विकास को बढ़ावा देने में अपनी उचित भूमिका निभाने को तैयार है।

दोनों नेताओं ने यूक्रेन संकट पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। शी चिनफिंग ने कहा कि चीन शांति वार्ता को बढ़ाने में जर्मनी व यूरोप की महत्वपूर्ण भूमिका का समर्थन करता है। वर्तमान स्थिति में अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को संयुक्त रूप से यूक्रेन संकट को शांतिपूर्ण ढंग से हल करने के सभी प्रयासों का समर्थन करना चाहिए, सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने का आह्वान करना चाहिए, जल्द से जल्द सीधा संपर्क शुरू करना चाहिए, ताकि वार्ता को फिर से शुरू करने के लिए स्थितियां तैयार हो सकें।

वार्ता के बाद, शी चिनफिंग ने जन बृहद भवन में स्कोल्ज़ के लिए स्वागत समारोह आयोजित किया।

(मीनू)

रेडियो प्रोग्राम