चीन और जापान नए युग की आवश्यकताओं के अनुरूप चीन-जापान संबंध बनाने के लिए प्रयास करें

2022-09-29 16:58:16

 29 सितंबर को आयोजित चीनी विदेश मंत्रालय के नियमित संवाददाता सम्मेलन में कुछ संवाददाताओं ने चीन और जापान के बीच राजनयिक संबंधों के सामान्य होने की 50वीं वर्षगांठ पर सवाल पूछा।

   चीनी प्रवक्ता वांग वनपिन ने कहा कि आज चीन और जापान के बीच राजनयिक संबंधों के सामान्य होने की 50वीं वर्षगांठ है। 50वीं वर्षगांठ चीन-जापान संबंधों के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। 50 वर्षों में दोनों पक्षों ने चीन-जापान संबंधों के लिए राजनीतिक और कानूनी नींव रखने वाले चार राजनीतिक दस्तावेज और सिलसिलेवार महत्वपूर्ण आम सहमतियां संपन्न कीं। विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच आदान-प्रदान और सहयोग ने बहुत प्रगति की है, जिससे न केवल दोनों देशों की जनता को महत्वपूर्ण लाभ मिला है, बल्कि क्षेत्रीय और विश्व शांति, स्थिरता, विकास और समृद्धि में भी सकारात्मक योगदान मिला है। दुनिया आज उन परिवर्तनों का सामना कर रही है जो एक सदी में नहीं देखे गए। जैसे ही अगले 50 साल की यात्रा शुरू होने वाली है, चीन और जापान को दोनों देशों के नेताओं द्वारा बनाई गई महत्वपूर्ण सहमति से निर्देशित होना चाहिए, चीन और जापान के बीच राजनीतिक दस्तावेजों में तय किए गए विभिन्न सिद्धांतों का पालन करना चाहिए, शांति और मित्रता के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए, पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग का विस्तार करना चाहिए, संघर्षों और मतभेदों का प्रबंधन करना चाहिए, ताकि नए युग की आवश्यकताओं को पूरा करने वाले चीन-जापान संबंध बनाने के लिए मिलकर काम किया जा सके। (वनिता)

रेडियो प्रोग्राम