वियना में चीनी परमाणु उद्योग प्रदर्शनी आयोजित

2022-09-28 12:47:39

ऑस्ट्रिया के वियना में स्थित संयुक्त राष्ट्र शहर में 26 से 30 सितंबर तक चीनी परमाणु उद्योग प्रदर्शनी चल रही है, जिसकी थीम है "परमाणु से भविष्य का निर्माण"। वियना में संयुक्त राष्ट्र में चीनी स्थाई प्रतिनिधि वांग छ्युन और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक राफ़ेल ग्रॉसी ने 66वीं आईएईए महासभा में भाग लेने के दौरान संयुक्त रूप से प्रदर्शनी को देखा।

मौजूदा प्रदर्शनी चीन के परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग की उपलब्धियों के साथ-साथ वैश्विक परमाणु ऊर्जा विकास को बढ़ावा देने, पृथ्वी के पर्यावरण में सुधार करने, और सुंदर घर का निर्माण करने में चीन के योगदान पर केंद्रित है।

वांग छ्युन ने कहा कि चीन स्वच्छ, कम कार्बन, सुरक्षित और दक्ष आधुनिक ऊर्जा प्रणाली के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, और कार्बन शिखर तथा कार्बन तटस्थता लक्ष्य की प्राप्ति के लिए परमाणु ऊर्जा को एक महत्वपूर्ण विकल्प मानता है। वर्तमान में, चीन परमाणु ऊर्जा और परमाणु प्रौद्योगिकी के अनुप्रयोग में सकारात्मक प्रगति कर रहा है, और परमाणु ऊर्जा के विकास में खुद द्वारा प्राप्त सफल अनुभवों को साझा करने में सक्रिय है। चीन आईएईए के साथ घनिष्ठ सहयोग बनाए रखते हुए वैश्विक विकास पहल के परमाणु क्षेत्र में कार्यान्वयन को आगे बढ़ाना चाहता है।

ग्रॉसी ने परमाणु ऊर्जा और परमाणु प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में चीन द्वारा प्राप्त उपलब्धियों का उच्च मूल्यांकन किया और कहा कि चीन ने आईएईए के विभिन्न मामलों में गहराई से भाग लेना जारी रखा है, और खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, और पर्यावरण शासन जैसे वैश्विक मुद्दों को हल करने के लिए आईएईए के साथ सहयोग किया है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु क्षेत्र में चीन का महत्वपूर्ण प्रभाव है। आईएईए चीन के साथ ज्यादा आदान-प्रदान और सहयोग करना चाहता है, ताकि परमाणु ऊर्जा का उपयोग कर संयुक्त राष्ट्र 2030 सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति को समान रूप से बढ़ावा दे सके।

(श्याओ थांग)

रेडियो प्रोग्राम