आर्द्रभूमि की देखभाल और "पृथ्वी के गुर्दे" की रक्षा करें

2022-05-31 17:03:42

1 जून 2022 को, चीन औपचारिक रूप से "चीन लोक गणराज्य के आर्द्रभूमि संरक्षण कानून" को लागू करेगा। आर्द्रभूमि के संरक्षण के लिए इस पहले खास कानून का कार्यान्वयन चीन की पारिस्थितिक सभ्यता में कानूनी शासन के निर्माण में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, और चीन की आर्द्रभूमि संरक्षण कानून के शासन की ओर बढ़ने का द्योतक भी है।

आर्द्रभूमि को "पृथ्वी के गुर्दे" के रूप में जाना जाता है, और जंगलों व महासागरों के साथ, उन्हें दुनिया के तीन प्रमुख पारिस्थितिक तंत्र कहा जाता है। आर्द्रभूमि बाढ़ का विरोध करने, जलवायु को नियंत्रित करने, जल स्रोतों को संरक्षित करने, प्रदूषित वस्तुओं को कम करने, जलवायु परिवर्तन का मुकाबला करने, वैश्विक कार्बन चक्र को बनाए रखने और जैव विविधता की रक्षा करने आदि क्षेत्रों में अपूर्णीय और महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


इसके साथ ही आर्द्रभूमि को "प्रजातियों के खजाने" और "कार्बन भंडारण" के रूप में भी जाना जाता है, यह राष्ट्रीय पारिस्थितिक सुरक्षा और सतत आर्थिक व सामाजिक विकास सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण रणनीतिक और दुर्लभ संसाधन भी है। यह कहा जा सकता है कि आर्द्रभूमि मनुष्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण पर्यावरणीय संसाधनों में से एक है। वह पारिस्थितिकी, खाद्य और जल सुरक्षा को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, और मानव अस्तित्व और विकास से निकटता से संबंधित हैं।

दुनिया में बहुत ज्यादा जंगली जानवर और वनस्पतियां आर्द्रभूमि पर निर्भर होते हैं। चीन में पारिस्थितिक पर्यावरण और जैव विविधता का संसाधन बहुत प्रचुर है, और आर्द्रभूमि व्यापक रूप से वितरित की जाती है। 2003 में, चीन ने पहला राष्ट्रीय आर्द्रभूमि संसाधन सर्वेक्षण पूरा किया। 2009 में दूसरा सर्वेक्षण किया, जो पांच साल तक चला। जनवरी 2014 में जारी दूसरे राष्ट्रीय आर्द्रभूमि संसाधन सर्वेक्षण के परिणामों से पता चला है कि देश में आर्द्रभूमि का कुल क्षेत्रफल 5 करोड़ 36 लाख 2 हज़ार 6 सौ हेक्टेयर तक पहुंच गया है। राष्ट्रीय भूमि में आर्द्रभूमि का क्षेत्रफल (अर्थात आर्द्रभूमि दर) का अनुपात 5.58 प्रतिशत है।


हाल के वर्षों में, चीन ने आर्द्रभूमि संरक्षण को लगातार मजबूत किया है, और संबंधित प्रबंधन प्रणाली प्रारंभिक तौर पर स्थापित की गई है। आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर 2021 तक, चीन में अंतरराष्ट्रीय महत्व के कुल 64 आर्द्रभूमि, राष्ट्रीय महत्व के 29 आर्द्रभूमि और प्रांतीय महत्व के 1,001 आर्द्रभूमि हैं। देश में 600 से अधिक आर्द्रभूमि प्राकृतिक संरक्षण क्षेत्रों, और 1,600 से अधिक आर्द्रभूमि पार्कों की स्थापना की गई है। चीन में आर्द्रभूमि संरक्षण दर को 50 प्रतिशत से अधिक तक बढ़ा दिया गया है।


आर्द्रभूमि संरक्षण को मजबूत करने, आर्द्रभूमि पारिस्थितिक उपयोगिता और जैव विविधता को बनाए रखने, पारिस्थितिक सुरक्षा सुनिश्चित करने, पारिस्थितिक सभ्यता के निर्माण को बढ़ावा देने और मनुष्य व प्रकृति के सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व की प्राप्ति करने के लिए, चीन ने विशेष रूप से “आर्द्रभूमि संरक्षण कानून” बनाया है। देश में आर्द्रभूमि के संरक्षण के लिए बनाए गए पहले खास कानून के रूप में “आर्द्रभूमि संरक्षण कानून”, “वन कानून” और “समुद्री पर्यावरण संरक्षण कानून” के आधार पर चीन के पारिस्थितिकी तंत्र में विधायी रिक्त स्थान को भर देगा, और चीन के आर्द्रभूमि संरक्षण कार्य को कानूनी शासन के ट्रैक में प्रवेश करने के लिए नेतृत्व करेगा।

(श्याओ थांग)

रेडियो प्रोग्राम