भोग विलास से हतोत्साह 玩物丧志
"भोग विलास से हतोत्साह"कहानी को चीनी भाषा में"वान वू सांग ज़ी"(wán wù sàng zhì) कहा जाता है। इसमें"वान"का अर्थ है खेलना,"वू"का अर्थ है वस्तु या सामग्री, जबकि"सांग"का अर्थ है खोना और"ज़ी"का अर्थ है महत्वाकांक्षा। इस वाक्य का अर्थ है कि किसी वस्तु या स्थिति के प्रति अधिक लत होने से बुरा प्रभाव पड़ता है।
आज से लगभग तीन हजार साल पहले, चीन के एक मशहूर राजा ची फ़ा (Ji Fa) ने उस समय के शांग राजवंश (ईसा पूर्व 1766 - ईसा पूर्व 1122 तक) को खत्म कर चोउ राजवंश (ईसा पूर्व 1046 - ईसा पूर्व 256 तक) की स्थापना की। यही राजा चीन के इतिहास में वु वांग के नाम से प्रसिद्ध है।
चीन में एक विशाल राज्य स्थापित करने के बाद वु वांग ने राज्य के निर्माण में योगदान देने वाले मंत्रियों और सेनापतियों के बीच जमीन का बंटवारा किया और पड़ोसी राज्यों को बड़ी संख्या में दूत भेजकर अपने असाधारण कारनामों का प्रचार प्रसार करवाया, ताकि वे छोटे बड़े सभी राज्य अपना प्रभुत्व स्वीकार करें।
वु वांग की शक्ति के सामने दूर के राजा भी प्रभावित हुए बिना नहीं रह सके। उन्होंने अपने दूतों के साथ वु वांग को ढेर सारे कीमती उपहार भेंट किए। उपहारों में एक विशेष नस्ल का पठारी कुत्ता भी शामिल था, जो बड़ा भीमकाय था। उसकी दुम लम्बी थी और बाल सुनहरे थे। शिकारी कुत्ते के रूप में यह पठारी कुत्ता बहुत बहादुर और ताकतवर था। राजा वु वांग को यह कुत्ता बहुत पसंद आया और उसने कुत्ते को अपने पास रख लिया। कुत्ता बहुत समझदार था, जब कभी वु वांग को आते देखता, तो वह उसके सामने घुटनों के बल बैठ जाता, मानो वह राजा को प्रणाम कर रहा हो। इस पर राजा की खुशी का ठिकाना नहीं रहा, और वह कुत्ते को लाड़-प्यार करने लगा और सेवकों को आदेश दिया कुत्ते को बेहतरीन खाना खिलाया जाए।
राजा वु वांग की फिजूलखर्ची पर उसके मंत्री कोंग शी को बड़ी चिंता हुई। उसने कुत्ते को लेकर एक लेख लिखा और राजा वु वांग को समझाया कि दूसरों को अपमानित करने से वह अपना उच्च चरित्र खो बैठेगा। अपनी प्यारी चीजों में ही लगे रहने से वह अपना मनोबल खो देगा। एक विशाल राज्य की स्थापना बहुत मुश्किल से हुई है, उसे भोग विलास के कारण बर्बाद नहीं करने देना चाहिए। वु वांग एक विवेकशील राजा था, अपने मंत्री का यह लेख पढ़कर उसने अपनी सभी पसंदीदा चीजों को अपने अधीनस्थ लोगों में बांट दिया और उसका राज्य भी दिन-ब-दिन शक्तिशाली होता गया।
"भोग विलास से हतोत्साह"यानी चीनी भाषा में"वान वू सांग ज़ी"(wán wù sàng zhì) नान की इस नीति कथा से यह सीख मिलती है:कोई भी भोग विलास में डूब जाता है, तो उसका अन्त ज़रूर होता है।