Web  hindi.cri.cn
    टी टाइम 160310(अनिल और रमेश)
    2016-03-23 14:08:29 cri

    टी-टाइम

    अनिल- टी-टाइम के नए अंक के साथ हम फिर आ गए हैं, आपका मनोरंजन करने। जी हां ... आपके साथ चटपटी बातें करेंगे और चाय की चुस्कियों के साथ लेंगे गानों का मजा, 25 मिनट के इस प्रोग्राम में। इसके साथ ही प्रोग्राम में श्रोताओं की प्रतिक्रियाएं भी होंगी शामिल। हां भूलिएगा नहीं, पूछे जाएंगे सवाल भी, तो जल्दी से हो जाइए तैयार।

    अनिलः दोस्तो, लीजिए, प्रोग्राम शुरू करते हैं। आज से मेरे साथ प्रोग्राम पेश करेंगी नीलम। उम्मीद है कि आप नीलम का भी तहे दिल से स्वागत करेंगे।

    अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को यादगार बनाने के लिए एयर इंडिया ने नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को तक विशेष उड़ान संचालित की। इस विमान की कमान पूरी तरह महिलाओं के हाथ में थी। कॉकपिट से लेकर केबिन क्रू, चेक इन स्टाफ, चिकित्सक, कस्टमर केयर स्टाफ, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और संचालन की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं ने ही निभाई।

    एयरलाइंस के अनुसार यह महिला क्रू वाली दुनिया की सबसे लंबी उड़ान थी। विमान ने रविवार को नई दिल्ली से टेक ऑफ किया था और 17 घंटे बाद 14,500 किलोमीटर का सफर तय कर गंतव्य तक पहुंचा।

    यह विमान क्षमता वाजपेयी और शुभांगी सिंह के कमांड में था, जबकि राम्य कीर्ति गुप्ता और अमृत नामधारी फर्स्ट ऑफिसर थीं। एयर इंडिया के सीएमडी अश्विनी लोहानी ने इसे ऐतिहासिक उड़ान बताया है।

    रमेशः दोस्तो, कैंसर के खिलाफ लड़ाई में वैज्ञानिकों के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। यह है कैंसर का टीका, जिसे एक महिला को कैंसर से बचाने के लिए पहली बार लगाया गया...

    इस वैक्सीन में एक खास तरह का प्रोटीन एन्जाइम होता है जो कैंसर सेल्स को तोड़ कर खत्म कर देता है। वैज्ञानिकों का कहना कि इस इन्जेक्शन से ऐसी एेन्टीबॉडीज बनेंगी जो प्रतिरक्षा तंत्र को मजबूत बनाएंगी। इस वैक्सीन को हाल ही इजाद किया गया है।

    35 साल की ब्रिटिश महिला केली पॉटर को यह टीका लगाया गया। जिसे एडवांस सर्वाइकल कैंसर से पीडि़त होना पाया गया था। केली को ये टीका लगाने के लिए ट्रायल के 30 लोगों की लिस्ट में शामिल किया गया। साथ ही इन मरीजों को कीमोथैरेपी के जरिए भी इलाज किया जाएगा।

    केली को लंदन के गाइज अस्पताल में 9 फरवरी को ये टीका लगाया गया। कैंसर से लड़ रही केली का कहना है कि टीका लगने के बाद वे पहले से बेहतर महसूस कर रही हैं। वैज्ञानिकों का दावा है कि इस वैक्सीन की सफलता के बाद कैंसर का इलाज और आसान हो जाएगा।

    अनिलः दोस्तो, जल्द ही भारत में टी-20 क्रिकेट विश्व कप शुरू होने वाला है। उद्योगपति मुकेश अंबानी की दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो ने मं वर्ल्डकप के दौरान राजधानी दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम सहित सभी स्टेडियमों में नि:शुल्क अनलिमिटेड वाई-फाई सेवा प्रदान करने की घोषणा की है।

    कंपनी ने जारी बयान में कहा कि इसके मद्देनजर आयोजन स्थलों पर उसने 37 छोटे सेल लगाए हैं। कंपनी कोलकाता के ईडन गार्डन, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम , चंडीगढ़ के मोहाली, धर्मशाला तथा बेंगलुरु के स्टेडियमों में भी यह सुविधा देगी।

    इसके तहत दर्शक 15एमबीपीएस स्पीड पर इंटरनेट सेवा का लाभ उठा सकेंगे। उल्लेखनीय है कि कंपनी अभी देश के कई हवाई अड्डों समेत विभिन्न पर्यटन स्थलों पर इस तरह की सेवाएं दे रही है। वह अगले साल अप्रैल से व्यावसायिक तौर पर 4-जी सेवा शुरू करेगी।

    अधिकतर लोगों को सफर करने के नाम भर से ही थकान होने लगती हैं। जबकि उन्हें गाड़ी, ट्रेन या हवाई जहाज में ही बैठ के जाना होता है। ऐसे में इस महिला ने जो कर दिखाया है, वो वाकई काबिल-ए-तारीफ है। जान कर हैरानी होगी लेकिन आंचल धरा नाम की महिला मुंबई से गोवा तक पैदल चल कर गई। जो पेशे से फोटोग्राफर हैं और इरादों से बहुत मजबूत। आंचल ने अपने पति प्रशांत के साथ मिलकर द ऑडैसिटी प्रोजेक्ट नाम का एक प्रोजेक्ट शुरू किया। इस प्रोजेक्ट का मकसद था जिंदगी बदल देने वाले अनुभवों को लोगों के सामने रखना। इन्हें पता था कि लोगों को इसके लिए प्रेरित करने के लिए पहले उन्हें खुद कुछ अलग करना होगा। तभी उन्होंने तय किया कि वो मुंबई से गोवा तक पैदल जाएंगे।

    इस प्रोजेक्ट को उन्होंने नाम दिया 'टू फीट एंड अ ड्रीम'। इन्होंने मुंबई के अंधेरी से गोवा के मोरजिम तक का 583 किलोमीटर का सफर 26 दिनों में पूरा किया। आंचल पिछले दो साल से ऐसा करना चाहती थीं। एक दिन उन्होंने अपने पति को अपनी ये इच्छा बताई और वे लग गए आंचल के लिए रूट प्लान बनाने में।

    रमेशः आंचल ने खुद एक इंटरव्यू में बताया कि उनके पति ने उनके इस सपने के बारे में कोई सवाल भी नहीं किया, बस उशे पूरा करने में जुट गए। मुंबई से गोवा तक का सफर सफल रहे इसके लिए इन्होंने पहले मुंबई से पुणे यानी 170 किमी पैदल चल कर टेस्ट भी किया। ये सफर 7 दिन में पूरा हुआ।

    आंचल को अंदाजा लग गया कि गोवा तक जाने के लिए उनको अपने शरीर को किस तरह तैयार करना होगा। इसलिए उन्होंने गोवा के लिए निकलने से छ: महीने पहले से ही ट्रेनिंग शुरू कर दी। वे हर दिन 10 किमी चलीं, और धीरे धीरे इसे 10 से 30किमी कर दिया।

    यानी लंबे वक्त तक हर दिन 30 किमी चल कर आंचल ने खुद को गोवा के लिए पूरी तरह तैयार कर लिया। इतना ही नहीं वे हफ्ते में 2-3 बार जिम में भी खूब ट्रेनिंग करती थीं, औऱ फिर आ ही गया वो दिन जिसका आंचल को 2 साल से इंतजार था। लेकिन आंचल की मुश्किल बना गर्म मौसम। उन्होंने अक्टूबर में चलना शुरू किया था, जो काफी गर्म था। इसलिए गर्मी से बचने के लिए उन्होंने तय किया कि सुबह नाश्ते के बाद नहीं बल्कि शाम को 6 बजे के बाद चलना शुरू करेंगे। ताकि गर्मी से राहत मिले।

    अनिलः वो दोपहर में ब्रेक लेती थी औऱ शाम में चलती थीं। आंचल के सपोर्ट के लिए उनकी एक टीम पीछे कार में चलती थी। लेकिन पैदल सिर्फ आंचल चलती थीं। वे सब सुबह 4:30 बजे उठते थे। आंचल हर 7 किमी पर 15 मिनट का ब्रेक लेती थीं। इस दौरान वे कार में बैठ कर आराम करती और पैरों की मालिश करती थीं। फिर जैसे ही दिन के आखिर में वे अपने होटल पहुंच कर अपने सूजे हुए पैरों की बर्फ से सिकाई करती थीं। छालों को ठी करती थीं और फिर 10:30 बजे तक सोती थीं।

    इस बीच उनके पति सारी तस्वीरों को सही से अरेंज करते और सोशल मीडिया पर हर दिन का अपडेट देते थे। आंचल की सपोर्ट टीम में उनके पति के अलावा उनके कैमरामैन रंजीत और कुछ दोस्त थे। आंचल बताती हैं कि जहां बारत में किसी महिला का अकेले सफर करना खतरनाक होता है, उनके साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ। बल्कि उन्होंने कई लोगों से रास्ते भर बातचीत की। लोग भी उनके इरादों के बारे में जानकर हैरान रह जाते थे।

    रमेशः अब समय हो गया है मनोरंजन संबंधी जानकारी का।

    दोस्तो, हाल ही में ऑस्कर अवार्ड दिए गए। दुनिया भर के सिने प्रेमियों को इस जलसे का इंतजार रहता है।

    आपको बताते हैं कि इस आयोजन में आखिर कितना खर्च होता है।

    ऑस्कर पुरस्कारों की दौड़ में शामिल फिल्में बनाने वाले स्टूडियो प्रचार पर हर साल लाखों डॉलर खर्च करते हैं। पुरस्कारों के लिए वोट डालने वाले तकरीबन 6,000 लोगों को लुभाने के लिए काफी पैसा खर्च किया जाता है। पर क्या इससे काम बनता भी है? आपने उस अभिनेत्री के बारे में सुना है, जिसने ऑस्कर मतदाताओं से अपने प्रदर्शन पर विचार करने के लिए पूरे एक पेज का विज्ञापन अखबारों में छपवाया?

    या आपको उस फिल्म प्रोड्यूसर के बारे में पता है, जिस पर अपने विरोधी की सुपरहिट फिल्म के खिलाफ प्रचार करने की वजह से प्रतिबंध लगा दिया गया था? एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर्स आर्ट्स एंड साइंसेज के 6,000 मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करने के ये सिर्फ दो उदाहरण हैं।

    एक अनुमान के मुताबिक, ऑस्कर पुरस्कारों के लिए होने वाले प्रचार पर हर साल लगभग 10 करोड डॉलर से 50 करोड डॉलर खर्च किया जाता है। ये आंकडे फिल्म प्रोड्यूसरों ने नहीं दिए हैं। प्रोड्यूसर और ब्लॉगर स्टीफन फॉलोज ने फिल्म उद्योग के अपने सहयोगियों से मिले आंकडों के आधार पर यह अनुमान लगाया है।

    उन्होंने अनुमान लगाया है कि सबसे अच्छी फिल्म का पुरस्कार पाने वाली फिल्म के लिए प्रचार अभियान पर तकरीबन एक करोड डॉलर खर्च किया गया। यह पैसा विज्ञापन, मीडिया और प्रचार पर खर्च किया गया। ऑस्कर के समय स्टूडियो फिल्म उद्योग की पत्रिकाओं में विज्ञापन देते हैं और फिल्म की खूबियों और उसके कलाकारों के प्रदर्शन के बारे में लोगों को बहुत ही सलीके से बताते हैं।

    अनिलः मनोरंजन संबंधी जानकारी के बाद बात करते हैं हेल्थ टिप्स की।

    हेल्थ टिप्स-

    हरी तीखी मिर्च के अंदर कई सारे ऐसे एंटीऑक्सीडेंट होते है जो शरीर को सुरक्षा करते हैं। मिर्च शरीर की इम्यूनिटी का ख्याल रखता है जिससे शरीर कैंसर के खतरे से बचा रहता है।

    हरी मिर्च में विटामिन सी की भरपूर होता है। आपने शायद ध्यान ना दिया हो लेकिन मिर्च जुकाम में बंद नाक को खोलती है।

    ये त्वचा के लिए बेहतरीन है। विटामिन ई से भरपूर मिर्च त्वचा के प्राकृतिक तेलों को बनाता है। तो थोड़ा सा मसालेदार खाना त्वचा के लिए ठीक होता है।

    इसमें कोई कैलोरी नहीं होती जिससे अगर वजन कम करना चाह रहे हैं तो बेझिझक हरी मिर्च का इस्तेमाल कर सकते हैं।

    शोध बताते हैं कि मिर्च प्रोस्टेट कैंसर से भी बचाता है।

    ये ब्लड शुगर को नियंत्रित करता है जिससे डॉयबटीज का खतरा नहीं रहता है।

    हरी मिर्च खाना पचाने में भी मदद करती है।

    साथ ही इससे एंडोर्फिन निकलता है जो मूड को अच्छा रखने में मदद करता है।

    फेंफडो़ के कैंसर के खतरे को कम करती है हरी मिर्च।

    साथ ही बैक्टीरिया और इंफेक्शन को दूर करता है, साथ ही आयरन का अच्छा स्त्रोत है।

    हां- तो यह जानकारी जानने के बाद हरी मिर्च न खाने वाले भी इसका इस्तेमाल शुरू कर देंगे।

    दोस्तो, प्रोग्राम में जानकारी देने का सिलसिला यही संपन्न होता है। अब समय हो गया है, श्रोताओं के पत्र शामिल करने का।

    रमेशः सबसे पहला पत्र हमें भेजा है, भावनगर गुजरात से मकवाना, विशाल कुमार ने। लिखते हैं कि इस बार का प्रोग्राम भी जानकारियों से भरपूर था।

    सबसे पहले 3000 साल पुराने उंगलियों के निशान मिलने के बारे में बताया गया। तकनीक संबंधी जानकारी पसंद आई क्योंकि मैं कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता हूं । जिसमें वायरलेस लेपटॉप की बोर्ड और माउस से हमारे कंप्यूटर को हैक किया जा सकता है। जानकारी अच्छी लगी। साथ ही खेल की खबरों और पैदल चाल में एथलीटों ने कई पदक जीते। सभी को बधाई। हेल्थ टिप्स में लहसुन के विशेष गुण और कई बीमारियों से मुक्ति दिलाने के बारे में पता चला। खासी जुकाम और सांस संबंधी परेशानी में भी यह मदद करता है। साथ में त्वचा और आँखों के नीचे होने वाले काले घेरे भी दूर करता है।

    आपसे सुझाव है कि अगर इस बारे में कोई लिस्ट हो, बताने की कोशिश कीजिएगा। धन्यवाद। विशाल जी हमें पत्र भेजने के लिए शुक्रिया। अगर कोई जानकारी मिली तो आपको जरूर बताएंगे।

    अनिलः अगला पत्र हमें आया है, पश्चिम बंगाल से रविशंकर बसु का। वे लिखते हैं कि टी-टाइम प्रोग्राम में दी गई जानकारी बहुत अच्छी लगी।

    कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने मिस्त्र के एक ताबूत के अंदर से तीन हजार साल पुराने उंगलियों के निशान खोज निकाले हैं। उधर अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी का उम्मीदवार बनने के शीर्ष दावेदार डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और चीन पर आरोप लगाया है कि ये दोनों अमरीकी लोगों से नौकरियां छीन रहे हैं। यह सच है कि सुर्खियों में बने रहने के लिये ट्रंप ने कभी अमेरिका में मुस्लिमों के प्रवेश पर प्रतिबंध की बात की तो कभी मोनिका लेविंस्की और बिल क्लिंटन के सेक्स स्कैंडल पर बयान दिया जो मेरे विचार में निर्वाचनी बकवास है।

    तकनीक सम्बन्धी जानकारी में लैपटॉप या डेस्क टॉप कंप्यूटर के साथ वायरलेस माउस या की बोर्ड इस्तेमाल के बारे में आप द्वारा दी गई सावधानीभरा चेतावनी मुझे सूचनाप्रद लगी । आज फ़िल्मी समाचार में आपने बताया कि बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान अपनी फिल्म 'दंगल' को 15 अगस्त को रिलीज करना चाहते हैं । यह फिल्म हरियाणा के पहलवान महावीर फोगाट के जिंदगी पर आधारित है । आज हेल्थ टिप्स में लहसुन के कुछ स्वास्थ्य संबंधी गुणों के बारे में और दिन में 8 -10 गिलास पानी पीने के कुछ फायदों के बारे में दी गई जानकारी सूचनाप्रद लगी।

    धन्यवाद।

    श्रोताओं की टिप्पणी यही संपन्न होती है।

    अब समय हो गया है, जोक्स का

    1. फेसबुक - मैं सबको जानता हूं

    गूगल - मेरे पास सब कुछ है इंटरनेट - मेरे बिना तुम सब कुछ नहीं चार्जर - आवाज नीचे!

    2.

    कहते हैं... जहां आदमी को एक बार धोखा मिले

    वहां कभी दोबारा नहीं जाना चाहिए पर क्या करें भाई... ससुराल तो जाना ही पड़ता है

    3.

    मास्टरजी एक होटल में खाली कटोरी में रोटी डुबो-डुबो कर खा रहे थे।

    वेटर ने पूछा : मास्टरजी खाली कटोरी में कैसे खा रहे हैं?

    मास्टर जी : भाई, हम गणित के अध्यापक हैं। दाल हमने मान ली है।

    अब वक्त हो गया है, सवाल जवाब का।

    पिछले सप्ताह हमने दो सवाल पूछे थे।

    पहला सवाल था- कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने क्या खोज की है।

    सही जवाब है- मिस्र में मिले ईसापूर्व एक हज़ार साल पुराने ताबूत पर एक कारीग़र की उँगलियों के निशान मिले हैं।

    दूसरा सवाल- वायरलैस माउस या कीबोर्ड से क्या खतरा हो सकता है।

    सही जवाब- वायरलैस माउस और की-बोर्ड के इस्तेमाल से लैपटॉप अथवा डेस्कटॉप कम्प्यूटर में रखे डेटा में हैकर सेंध लगा सकते हैं।

    इन सवालों का सही जवाब हमें लिखकर भेजा है, केसिंगा उड़ीसा से सुरेश अग्रवाल, पश्चिम बंगाल से रवि शंकर बसु, देबाशीष गोप और भावनगर गुजरात से मकवाना विशाल कुमार धीरूभाई आदि ने। आप सभी का शुक्रिया।

    अब लीजिए सुनिये आज के सवाल।

    पहला सवालः कैंसर के बारे में क्या पता चला है।

    दूसरा सवालः एयर इंडिया ने महिला दिवस पर क्या क़दम उठाया।

    सवाल एक बार फिर सुन लीजिए।

    अगर आपको इनका जवाब पता है तो जल्दी हमें ई-मेल कीजिए या खत लिखिए।.....हमारा ईमेल है.. hindi@cri.com.cn, हमारी वेबसाइट का पता है...hindi.cri.cn....... अपने जवाब के साथ, टी-टाइम लिखना न भूलें।

    अनिलः टी टाइम में आज के लिए इतना ही, अगले हफ्ते फिर मिलेंगे चाय के वक्त, तब तक के लिए नमस्ते, बाय-बाय, शब्बा खैर, चाय च्यान।

    © China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
    16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040