Web  hindi.cri.cn
    टी टाइम 160202 (अनिल और ललिता)
    2016-02-03 17:25:54 cri

    अनिलः टी-टाइम के नए अंक के साथ हम फिर आ गए हैं, आपका मनोरंजन करने। जी हां ... आपके साथ चटपटी बातें करेंगे और चाय की चुस्कियों के साथ लेंगे गानों का मजा, 35 मिनट के इस प्रोग्राम में। इसके साथ ही प्रोग्राम में श्रोताओं की प्रतिक्रियाएं भी होंगी शामिल। हां भूलिएगा नहीं, पूछे जाएंगे सवाल भी, तो जल्दी से हो जाइए तैयार।

    अनिलः दोस्तो, आज सबसे पहले हम सुनेंगे, चीन में पढ़ाई कर रहे एक भारतीय छात्र से बातचीत।

    ......बातचीत......

    अनिलः प्रोग्राम में जानकारी देने का सिलसिला शुरू होता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की एक रिपोर्ट के अनुसार इटली दुनिया का दूसरा ऐसा देश है, जिसकी आबादी के अधिकांश लोग 100 साल से ज्‍यादा जिंदा रहते हैं। इतना ही नहीं, यह दुनिया का पहला ऐसा देश है जिसकी आबादी में 65 वर्ष की आयु के लोगों की संख्‍या बहुतायत में है।

    इटली में सुपर सेंचुरीज़ नाम से 100 वर्ष से ज्‍यादा उम्र के लोगों का डेटाबेस बनाया गया है। जिसमें इस समय 110 वर्ष के लोगों की संख्या 24 है और 116 वर्षीय एमा मोरानो इटली की सबसे उम्रदराज नागरिक हैं। उनका जन्म 29 नवंबर 1899 में उत्तरी इटली के पिडमोंट क्षेत्र में हुआ और वे अभी भी वहीं रहतीं हैं।

    मोरानो यूरोप की सबसे उम्रदराज महिला हैं, जो 19वीं शताब्दी में पैदा हुई इस समय दुनिया की अकेली जीवित व्यक्ति हैं। इस आंकड़े के मुताबिक मोरोन दुनिया की दूसरी सबसे उम्रदराज व्यक्ति हैं। पहले नंबर पर अमेरिका की सुसाना मशत जोन्स हैं 6 जुलाई 1899 को पैदा हुईं थीं।

    मोरानो 116 साल की उम्र में भी स्‍वस्‍थ हैं और हर रोज भोजन में अंडे जरूर खाती हैं। अनुशासित दिनचर्या का पालन करने वाली मोरानो को गीत गाना काफी पसंद है। कई वर्ष पहले वो अपने पति से अलग हो गई थीं, क्‍योंकि वो उनसे अच्‍छा व्‍यवहार नहीं करते थे।

    डब्ल्यूएचओ में परिवार, महिला और शिशु स्वास्थ्य विभाग की सहायक महानिदेशक फ्लाविया बस्‍ट्रो के मुताबिक ज्यादा उम्र के जीने के कई कारण होते हैं। पहला कारण है उचित टीकाकरण, जिससे नवजात शिशुओं के बचने की दर सबसे अधिक हो जाती है। साफ वातावरण और सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाएं अच्छी होने से भी लंबी आयु होने की संभावना सबसे अधिक होती है।

    इसके अलावा खानपान का भी आयु पर काफी असर होता है। वहां फल, सब्जियां, मछली, अनाज और सब्जियों में पाए जाने वाले प्रोटीन का सेवन काफी किया जाता है। ये सारे तत्व उम्र बढ़ाने वाले हैं। दूसरी वजह है सामाजिक परिवेश। परिवार का साथ और आसपास का समाज अच्‍छा होने से भी आयु बढ़ने की संभावना रहती है।

    ललिताः दोस्तो, हवाई सफ़र करने वालों की तादाद लगातार बढ़ रही है। अमूमन किसी भी समय 10 लाख लोग हवा में सफ़र कर रहे होते हैं।

    हवाई अड्डे पर सुरक्षा के लिए लगे बॉडी स्कैनर से सुरक्षाकर्मियों को आपका नग्न शरीर नहीं दिखेगा। काफी विवादों के बाद अब दुनिया भर के एयरपोर्ट पर लगे स्कैनर सुधारे जा चुके हैं।

    एयरबस ए380 एक बार में 853 यात्रियों को ले जा सकता है। यह जहाज इतना बड़ा है कि लंदन स्थित हीथ्रो जैसे एयरपोर्ट को इसके लिए नए सिरे से संवारना पड़ा है।

    ज़रूरत पड़ने पर विमान एकदम लंबवत उड़ान भर सकता है, यानी एकदम वर्टिकल अंदाज़ में। इसके लिए अब हवाई जहाज़ों में एक अतिरिक्त इंजन होता है। हालांकि व्यावसायिक उड़ानों में इसका चलन नहीं है, लेकिन ऐसा जब चाहें तब हो सकता है।

    टेस्ट उड़ानों के दौरान विमान के डैने 90 डिग्री से मोड़े जा सकते हैं। हालांकि इससे संतुलन थोड़ा बिगड़ता है।

    कुछ हवाई अड्डों पर डिज़ाइनरों ने लोगों के व्यवहार पर नियंत्रण की कोशिशें शुरू की हैं। प्रस्थान दरवाज़े पर बैठने की व्यवस्था इन्हीं कोशिशों का नतीजा है। आपको यहां पर लिमिटेड सीट मिलेंगी।

    हवाई सफ़र के दौरान हमारा स्वाद बदल जाता है। एयरलाइंस के खाने में नमक ज़्यादा होता है, पर दबाव ज़्यादा होने से हमें इसका पता नहीं चलता।

    विमान यात्रा से होने वाली थकान से बचने के लिए यात्रा से पहले ही आपको नए टाइम-ज़ोन की तैयारी शुरू करनी चाहिए।

    पिछले कुछ समय में हुई हाई-प्रोफ़ाइल हवाई दुर्घटनाओं के बावजूद आंकड़ों के लिहाज़ से हवाई सफ़र इन दिनों सबसे सुरक्षित है।

    अनिलः दोस्तो, अब बात करते हैं तकनीक की।

    भारतीय वैज्ञानिक अभिषेक रॉय का डिजाइन किया हुआ 'एंटीपॉड' जेट प्लेन बनकर तैयार है। एंटीपॉड को कनाडियार्इ एयरक्रॉफ्ट कंपनी से संबंधित चार्ल्स बंबार्डियर ने पेश किया है। बंबार्डियर इससे पहले मैक 10 पर उड़ने वाले स्क्रीमर मैक 2 की स्पीड वाले कॉन्कॉर्ड बना चुके हैं।

    एंटीपॉड एक हाइपरसॉनिक जेट प्लेन है जो लंदन से न्यूयॉर्क की 5597 किमी की दूरी केवल 11 मिनट में पूरी कर लेगा। प्लेन की एफिशिएंसी का अनुमान आप इस बात से लगा सकते हैं कि यह महज एक घंटे में ही 10 लोगों के 20 हजार किमी की सैर करवा सकता है।

    ललिताः एंटीपॅड अधिकतम मैक 24 यानि कि ध्वनि से 24 गुना तेज रफ्तार से उड़ने वाला प्लेन है, जिसे रॉकेट प्रोपेलर की मदद से 40 हजार किलोमीटर की हाइट तक पहुंचाया जाता है। इसके बाद रॉकेट प्लेन से अलग हो जाते हैं और उसका सुपरसॉनिक कंबशन इंजन शुरू हो जाता है।

    मालूम हो कि ध्वनि की गति को मैक में काउंट किया जाता है। एक मैक में 1195 किमी प्रति घंटा की गति होती है।

    40 हजार किलोमीटर पर ओवरहीटिंग से बचाने के लिए इस जैट में नासा के लान्ग पेनेट्रेशन मोड कंसेप्ट का यूज किया गया है जिससे विमान की सतह गर्म नहीं होती है।

    अनिलः अब बात करते हैं खेल जगत की।

    भारत में मार्च-अप्रैल में होने वाले टी-20 विश्व कप में हिस्सा लेने वाले सभी अम्पायर हेलमेट लगाएंगे। आईसीसी ने शुक्रवार को इस सम्बंध में एक निर्देश जारी किया। आईसीसी के मुताबिक क्रिकेट में मैच अधिकारियों की सुरक्षा भी सर्वोपरि है।

    आईसीसी ने यह निर्देश बीते दो महीनों में दो अम्पायरों के अस्पताल में भर्ती जिए जाने के बाद आया है। दिसम्बर में भारत में हुए रणजी मैच के दौरान आस्टे्रलियाई अम्पायर जान वार्ड के सिर पर गेंद से चोट लगी थी। वह अस्पताल ले जाए गए थे।

    इसी तरह 20 जनवरी को भारत तथा ऑस्ट्रेलिया के बीच कैनबरा में हुए एकदिवसीय मैच के दौरान इंग्लिश अम्पायर रिचर्ड कैटरबॉरो को चोट लगी थी।

    ललिताः खेल संबंधी समाचार के बाद बात करते हैं हेल्थ टिप्स की।

    हमारे सोने के तरीके से हमारे व्यक्तित्व के बारे में तो कई बातें पता चलती ही हैं, साथ ही इनका हमारी सेहत से भी गहरा रिश्ता है। विशेषज्ञों के मुताबिक हमारे सोने के तरीके से सेहत पर अच्छे और बुरे असर पड़ते हैं।

    अगर बाईं तरफ करवट लेकर सोते हैं तो इसका फायदा उन लोगों को मिलता है जिन्हें अक्सर सीने में जलन होती है। जब वे बाईं तरफ करवट लेकर सोते हैं तो अंदरूनी अंग सिधाई में आ जाते हैं जिससे पेट से लीक होने वाला वो एसिड कम लीक होता है जो दरअसल सीने में जलन पैदा करने के लिए जिम्मेदार होता है।

    लेकिन इसके कुछ नुकसान भी हैं। तुर्की के एक विश्वविद्यालय में हुए शोध में सामने आया था कि जो लोग बाईं तरफ करवट लेकर सोते हैं, उन्हें ज्यादा डरावने सपने आते हैं।

    पीठ के बल सोने वालों को भी सेहत से जुड़े कुछ नुकसान तो कुछ फायदे होते हैं। जैसे कि अगर कमर में दर्द है तो पीठ के बल, सिर और घुटनों के नीचे तकिए का सहारा लेकर सोने से आराम मिलता है। इसके लिए रीढ़ की हड्डी सीधी रख कर ही सोना चाहिए।

    कॉस्मेटिक सर्जन डॉ गोजेस एनएन बताते हैं कि पीठ के बल सोने से चेहरा भी खूबसूरत रहता है क्योंकि ऐसे में चेहरा घंटो तक दबता नहीं और झुर्रियां या दाग नहीं पड़ते। जबकि चेहरा नीचे या दबा कर सोने से पसीना आता है जो चेहरे के छेदों को बंद कर देता है।

    इसका नुकसान कई शोधों में यह बताया गया है कि पीठ के बल सोने से खर्राटे ज्यादा आते हैं। ऐसे में कई बार ऐसी स्थिति हो जाती है कि 10 सेकेंड के लिए सांस ही नहीं ले पाते जो उक्त रक्तचाप, डायबटीज, तनाव जैसी बीमारियां पैदा कर सकता है।

    अनिलः भ्रूण की तरह सोने की मुद्रा भी फायदेमंद होती है क्योंकि ऐसे में आप रात में कभी भी आराम से करवट बदल सकते हैं, रीढ़ पर जोर नहीं पड़ता। ऐसे सोने वाले लोग सुबह उठाकर ज्याद तरोताजा महसूस करते हैं।

    इसका नुकसान यह है कि अगर गर्दन में दर्द है तो ऐसे सोने से दर्द बढ़ सकता है। इसलिए बेहतर रहता है अगर गर्दन के नीचे तकिया लगाकर सोएं जिससे गर्दन और रीढ़ सिधाई में रहें।

    दाईं तरफ करवट लेकर सोने से उक्त रक्तचाप की समस्या दूर हो सकती है। क्योंकि इससे दिल को, जोकि बाईं तरफ होता है, उसे चेस्ट कैविटी में ज्यादा जगह मिल पाती है। ब्लड प्रेशर ठीक बना रहता है तो दिल की बीमारियां भी नहीं होतीं।

    शोधकर्ता ये भी कहते हैं कि दाईं तरफ सोने से दिमाग की गंदगी भी साफ होती है।

    वहीं, नुकसान गर्भवती महिलाओं के लिए जरूर हैं। दाईं तरफ सोने से जन्म के वक्त मृत बच्चे पैदा होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसा न्यूजीलैंड के एक शोध में सामने आया था। कारण ये होता है कि बच्चे तक खून सही मात्रा में पहुंच नहीं पाता।

    पेट के बल सोने की मुद्रा को वैज्ञानिक सबसे आरामदायक बताते हैं। इसका ये फायदा होता है कि पाचन सही रहता है। हॉन्ग कॉन्ग की एक यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञ तो कहते हैं कि इस मुद्रा में ज्यादा अच्छे सपने आते हैं।

    इसका नुकसान ये है कि एक तरफ कई घंटों तक सिर घुमा कर सोने से गर्दन की मांस पेशियां अकड़ने लगती हैं। इससे सिर दर्द होता है, कंधे जकड़ जाते हैं और दर्द करते हैं। अगर कमरदर्द है तो ऐसे सोने से वो भी बढ़ सकता है।

    दोस्तो, प्रोग्राम में जानकारी देने का सिलसिला यहीं संपन्न होता है।

    ललिताः अब वक्त हो गया है, श्रोताओं की टिप्पणी का। पहला पत्र हमें आया है, केसिंगा, उड़ीसा से सुरेश अग्रवाल का। वे लिखते हैं, सर्वप्रथम आप सभी को गणतन्त्र दिवस की शुभकामनाएं! "टी टाइम" की आज की प्रस्तुति का आगाज़ भारतीय गणतन्त्र दिवस के महत्व और इतिहास की जानकारी से किया जाना यथोचित जान पड़ा, धन्यवाद स्वीकार करें। विगत 50 वर्षों में एलियन की खोज में कोई निर्णायक परिणाम नहीं निकला है, परन्तु अब ऑस्ट्रेलियन नेशनल यूनिवर्सिटी के भारतीय मूल के आदित्य चोपड़ा ने वहां हुये एक शोध पर जानकारी देते हुये बतलाया कि यह ब्रह्मांड रहने योग्य कई ग्रहों से भरा है, इसलिए वैज्ञानिकों की धारणा है कि इन ग्रहों पर एलियन भी भरे होने चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं है। क्योंकि तापमान में होने वाले लगातार परिवर्तन ने इन ग्रहों पर जीवन को अधिक समय तक पनपने ही नहीं दिया, जिसके कारण वहां पर जीवन का विकास नहीं हो पाया। हाल के ग्रहों के पर्यावरण रहने योग्य वातावरण, जीवन निर्मित करने में अस्थिर हैं, क्योंकि जीवन के लिए ग्रीन हाउस गैसों को विनियमित करने की जरूरत है। पानी और कार्बन डाइऑक्साइड सतह के तापमान में स्थिरता लाने के लिए जरूरी होते हैं। अहमदाबाद की 26 वर्षीया आयशा उपाध्याय द्वारा बुलेट पर सवार होकर शादी मण्डप में पहुँचना कुछ अनूठा लगा। इस बार के भारतीय गणतन्त्र दिवस पर मुख्य अतिथि बने फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांसवा ओलान्द द्वारा भारत के चण्डीगढ़, पॉन्डिचेरी और नागपुर को समार्ट सिटी बनाने में सहायता की पेशकश किया जाना प्रशंसनीय है। स्काइप पर वीडियो कॉलिंग के ज़रिये सात भाषाओं तथा चैटिंग के ज़रिये हिन्दी सहित पचास भाषाओं में भाषान्तर होना एक बहुत बड़ी खोज़ है। खेलकूद की ख़बरों में पीवी सिंधु द्वारा स्कॉटलैण्ड की क्रिस्टी गिलमर को सीधे गेम में हरा कर बैडमिंटन का मलेशिया मास्टर्स ग्रां प्री गोल्ड का ख़िताब जीता जाना काफी उत्साहवर्द्धक लगा। अमेरिका के सोलह वर्षीय वैज्ञानिक जैक एंड्रेका द्वारा अग्नाशय कैंसर का सस्ता और सरल टेस्ट खोज़ा जाना मानवता के लिये मंगलकारी सिध्द होगा। उन्हें इस असाधारण उपलब्धि पर बधाई। मोबाइल फ़ोन, जीन्स, पायजामा और ट्राउजर में पनपने वाले बैक्टीरिया स्वास्थ्य के लिये कितने हानिकारक हो सकते हैं, यह आज का कार्यक्रम सुन कर जाना। बन्द नाक को खोलने हेतु इस्तेमाल किये जाने वाले ड्रॉप्स ऊतकों को कितना नुकसान पहुंचा सकते हैं, इससे आगाह करने के लिये भी साधुवाद। परन्तु प्रश्न उठता है कि रोज़मर्रा के जीवन में हम क्या इस्तेमाल करें और क्या न करें, इसकी समुचित जानकारी मुहैया कराना किसकी ज़िम्मेदारी है ! हंसगुल्लों में कविता और निबन्ध का अन्तर समझाता जोक खूब भाया। धन्यवाद फिर एक अच्छी प्रस्तुति के लिये।

    धन्यवाद, सुरेश जी, प्रोग्राम के बारे में टिप्पणी हम तक पहुंचाने के लिए शुक्रिया।

    अनिलः वहीं अगला मेल आया है, आजमगढ़ उत्तर प्रदेश से, सादिक आज़मी का। वह लिखते हैं हर बार की तरह इस बार के प्रोग्राम का भी आनंद लिया और अनिल जी ने भारतीय गणतंत्र दिवस के इतिहास पर गहन समीक्षा कर हमारा खूब ञानवर्धन किया। समय की मांग को ध्यान में रखकर रिपोर्ट का पेश किया जाना सोने पे सुहागा सरीखा प्रतीक हुआ, और विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र पर आपकी समीक्षा समंदर को कूज़े में कैद करने जैसी रही धन्यवाद स्वीकार करें, आकाश में गृहों की मौजूदगी न जाने कितने वर्षों से है पर उसके रहस्यमय को समझने की वैमानिकी कोशिश लगातार जारी है और इसी उपलक्ष्य में आपकी रिपोर्ट हमारे ञान वृद्धि करने योग्य थी, आईशा की अपनी शादी में मंडप तक बुलेट पर जाने की कहानी लोकप्रियता हासिल करने का फंडा सरीखा लगी। भारत में गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि के रूप में फ्रॉस के राष्ट्रपति फ्रॉस्वॉ ओलांड के शामिल होने पर आपकी समीक्षा भी सटीक थी और खेलों पर रिपोर्ट का पेश किया जाना भी उम्दा लगा।

    धन्यवाद, सादिक जी, हमें पत्र भेजने के लिए।

    अगला पत्र आया है, दक्षिण दिनाजपुर पश्चिम बंगाल से देबाशीष गोप का। वे लिखते हैं कि मैंने इस बार भी टी-टाइम प्रोग्राम सुना। जिसमें आपने गणतंत्र दिवस समारोह के महत्व और उसके आयोजन पर अहम जानकारी प्रदान की।

    वहीं दूसरे ग्रह में जीवन आदि, खेल व हेल्थ संबंधी सूचना भी बहुत पसंद आयी। आपका कार्यक्रम पेश करने का अंदाज बहुत अच्छा है। यही क्रम जारी रखें।

    धन्यवाद देवाशीष जी, आगे भी हमारा उत्साह बढ़ाते रहें।

    ललिताः भावनगर गुजरात से मकवाना विशाल कुमार, लिखते हैं कि टी-टाइम का ताज़ा अंक बहुत अच्छा लगा। आप सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं। दूसरी जानकारी 50 वर्ष से एलियन के बारे में चल रही खोज के बारे में बताया गया। जिसमें ऑस्ट्रेलिया के नेशनल यूनीवर्सिटी के भारतीय मूल के व्यक्ति ने बताया की ब्रहमां रहने योग्य ग्रहों से भरा है। इसलिए वैझानिको की धारणा है की ये गरह एलियन से भरे है तापमान मे लगातार परिवर्तन के कारण यह जीवन का विकास नही है। वही अहमदाबाद की आयशा उपाध्याय अपनी शादी में बुलेट लेकर पहुंची जो अजीब लगा। हालांकि यह भी कह सकते हैं कि लड़कियां हर चीज में आगे बढ़ रही हैं।

    इसके साथ ही प्रोग्राम में पेश हेल्थ संबंधी जानकारी तो हमें बहुत कुछ सिखा जाती है। वहीं प्रोग्राम में पेश जोक्स भी बहुत अच्छे लगे। धन्यवाद एक अच्छी प्रस्तुति के लिए।

    धन्यवाद, विशाल जी।

    अनिलः आज के प्रोग्राम का अंतिम पत्र हमें भेजा है, पश्चिम बंगाल से मॉनिटर रवि शंकर बसु ने। वे लिखते हैं प्रोग्राम की शुरुआत में भारत के 67 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर अनिल जी ने गणतंत्र दिवस के महत्व और इतिहास के बारे में जो जानकारी दी, उससे मेरा इतिहास का ज्ञान एक बार फिर से समृद्ध हो गया। अंतरिक्ष पर एलियन संबंधी नया शोध सूचनाप्रद लगा। अहमदाबाद की बुलेट रानी आयशा उपाध्याय बाइक पर सवार होकर अपनी शादी के पंडाल तक बुलेट चलाकर पूरी तरह दबंग स्टाइल में पहुंची जो काफी धमाकेदार लगा।

    वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांसवां ओलांड कहा कि भारत के चंडीगढ़ के साथ पांडिचेरी और नागपुर शहरों को स्‍मार्ट सिटी में बदलने में उनका देश मदद करेगा। यह समाचार काफी उत्साहवर्द्धक लगा। मैं आशा करता हूं कि आने वाले सालों में भारत और फ्रांस - दोनों देशों के बीच संबंधों में और बढ़ोतरी होगी।

    तकनीक संबंधी जानकारी में सुना है कि स्काइप ट्रांसलेटर सॉफ़्टवेयर की मदद से अब हम 50 भाषाओं में लिखित रूप से चैट कर सकेंगे साथ ही सात भाषाओं में वीडियो कॉल भी कर सकते है। आशा है कि यह नए टेक्नोलॉजी की मदद से सी आर आई के श्रोता भी आपके साथ सीधा बातचीत कर सकेंगे। मलेशिया मास्टर्स ग्रां प्री गोल्ड खिताब जितने पर भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधू को हार्दिक बधाई। अग्नाशय कैंसर का पता लगाने के लिए अमेरिका के युवा वैज्ञानिक जैक एंड्रेका ने जो सस्ता ब्लड टेस्ट की खोज विकसित की है, उससे करोड़ों गरीब लोगों को मदद मिलेगी।

    इसके साथ ही आप सभी को वसंत त्यौहार की शुभकामनाएं।

    धन्यवाद बसु जी।

    जोक्स

    1.

    संता- बंता लड़की और लड़के में क्या अंतर होता है? बंता- देख लड़की अपनी सारी उम्मीदें एक लड़के से रखती है, और लड़के सारी लड़कियों से एक ही उम्मीद रखते हैं।

    2

    सरकारी अस्पताल...

    मरीज- उफ!! ऐसी बीमारी से तो मर जाना अच्छा है...

    डॉक्टर- हम पूरी कोशिश कर तो रहे हैं।

    3.

    अर्ज किया है कि गुस्से का आना मर्द होने की निशानी है मगर गुस्से को पी जाना पति होने की निशानी है...

    प्रोग्राम में हंसगुल्ले यहीं तक......धन्यवाद।

    अब समय हो गया है, सवाल-जवाब का। पिछले सप्ताह हमने दो सवाल पूछे थे।

    पहला सवाल था- एलियंस के बारे में क्या जानकारी सामने आयी है।

    सही जवाब है- विगत 50 वर्षों में एलियन की खोज में कोई निर्णायक परिणाम नहीं निकला है, परन्तु अब ऑस्ट्रेलियन नेशनल यूनिवर्सिटी के भारतीय मूल के आदित्य चोपड़ा ने बतलाया कि यह ब्रह्मांड रहने योग्य कई ग्रहों से भरा है।

    दूसरा सवाल- भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधू किस वजह से सुर्खियों में हैं।

    सही जवाब- स्कॉटलैण्ड की क्रिस्टी गिलमर को हरा बैडमिंटन का मलेशिया मास्टर्स ग्रां प्री गोल्ड ख़िताब जीतने के कारण पीवी सिन्धु सुर्ख़ियों में हैं।

    इन सवालों का सही जवाब हमें भेजा है, पश्चिम बंगाल से रविशंकर बसु, देवाशीष गोप, केसिंगा उड़ीसा से सुरेश अग्रवाल, आजमगढ़ उत्तर प्रदेश से सादिक आजमी और अल्मोड़ा उत्तराखंड से वीरेंद्र मेहता आदि ने। आप सभी का शुक्रिया।

    अब लीजिए सुनिये आज के सवाल।

    पहला सवालः विश्व स्वास्थ्य संगठन की हालिया रिपोर्ट में क्या गया है।

    दूसरा सवालः आगामी टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में अम्पायर क्या करने वाले हैं।

    सवाल एक बार फिर सुन लीजिए।

    अगर आपको इनका जवाब पता है तो जल्दी हमें ई-मेल कीजिए या खत लिखिए।.....हमारा ईमेल है.. hindi@cri.com.cn, हमारी वेबसाइट का पता है...hindi.cri.cn....... अपने जवाब के साथ, टी-टाइम लिखना न भूलें।

    अनिलः टी टाइम में आज के लिए इतना ही, अगले हफ्ते फिर मिलेंगे चाय के वक्त, तब तक के लिए नमस्ते, बाय-बाय, शब्बा खैर, चाय च्यान।

    © China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
    16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040