जापान में जबरदस्त भूकंप के बाद कई चीनी विभाग जापान की सहायता के लिए आगे आए हैं। 15 मार्च को चीन के कई सरकारी विभागों ने भी जापान की मदद करने की इच्छा जतायी।
चीनी रक्षा मंत्रालय के सूचना कार्यालय के अधिकारियों ने उसी दिन कहा कि हाल में जापान जबरदस्त भूकंप का शिकार बन गया है, जिससे जान-माल की भारी क्षति पहुंची है। चीनी जनता व चीनी सेना ने इसके प्रति सहानुभूति प्रकट की। स्टेट कौंसिलर व रक्षा मंत्री ल्यांग क्वांग ल्ये ने भूकंप के दिन जापानी रक्षा मंत्री तोशिमी किताजावा को फोन कर संवेदना व्यक्त की और कहा कि चीनी सेना जापान को राहत सहायता देने को तैयार है।
वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारी ने भी उसी दिन कहा कि उत्तर-पूर्वी जापान में जबरदस्त भूकंप आने के बाद वाणिज्य मंत्रालय ने जापान में चीनी छात्रों व चीनी उद्योगों के कर्मियों के सुरक्षा की गारंटी के लिए शीघ्र ही आपात कदम उठाए और स्थानीय सरकारों से चीन में उनके परिवारजनों के प्रति संवेदना देने की अपील भी की है।
चीनी रेड क्रॉस ने 15 मार्च को जापान के भूकंपग्रस्त क्षेत्रों को एक बार फिर 50 लाख य्वान की आपात सहायता देने का फैसला किया, जो जापानी रेड क्रॉस के काम में मदद करेगी।
इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री छन चू ने जापानी जनकल्याण व श्रम मंत्री होसोकावा रिट्सो से कहा कि चीन कोई भी आवश्यक स्वास्थ्य व चिकित्सा सहायता देने को तैयार है।
(नीलम)















