शी चिनफिंग और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष के बीच हुई मुलाकात

2022-12-01 15:56:06

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 1 दिसंबर को पेइचिंग में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल के साथ मुलाकात की।

शी चिनफिंग ने कहा कि चीन और यूरोप विश्व शांति बनाए रखने की दो शक्तियां हैं, समान विकास बढ़ाने के दो बड़े बाजार हैं और मानव प्रगति बढ़ाने की दो सभ्यताएं हैं। चीन और यूरोप के बीच संबंधों का विकास और आपसी लाभ वाला समान जीत न सिर्फ हमारे दोनों पक्षों, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साझे हितों के अनुरूप है।

शी चिनफिंग ने चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की 20वीं राष्ट्रीय कांग्रेस में मिली उपलब्धियों और चीनी शैली की आधुनिकीकरण की पांच विशेषताओं से अवगत कराया। चीन-यूरोप संबंधों के विकास के बारे में उन्होंने चार विचार पेश किए।

पहला, चीन और यूरोप के बीच मौलिक रणनीतिक मतभेद और मुठभेड़ नहीं है। दोनों पक्षों को सही समझ कायम रखनी चाहिए। दूसरा, इतिहास, संस्कृति, विकास के स्तर और विचारधारा में अंतर होने के कारण कुछ मामलों में चीन और यूरोप के विचार अलग हैं। यह बहुत सामान्य है। दोनों पक्षों को मतभेदों का उचित नियंत्रण करना चाहिए। तीसरा, यूरोप चीन का महत्वपूर्ण साझेदार है। चीन के तेज विकास से यूरोप को फायदा मिला है। चीन और यूरोप को और उच्च स्तरीय सहयोग बढ़ाना चाहिए। और चौथा, चीन और यूरोप दोनों संयुक्त राष्ट्र संघ से केंद्रित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था की रक्षा करते हैं। दोनों पक्षों को अंतर्राष्ट्रीय समन्वय और सहयोग मजबूत करना चाहिए।

मिशेल ने कहा कि चीन संयुक्त राष्ट्र चार्टर की रक्षा करता है और बहुपक्षवाद का समर्थन करता है। यूरोप चीन के साथ समझ मजबूत कर आपसी सहयोग बढ़ाने के साथ मतभेदों का उचित समाधान करना चाहता है और चीन का विश्वसनीय साझेदार बनना चाहता है। यूरोप एक चीन की नीति पर कायम रहता है और चीन की प्रभुसत्ता व प्रादेशिक अखंडता का सम्मान करता है।

दोनों नेताओं ने यूक्रेन संकट पर विचार-विमर्श भी किया।

(ललिता)

रेडियो प्रोग्राम