चीन:पहली तीन तिमाहियों में सेवाओं के कुल आयात-निर्यात में 18.2 प्रतिशत की वृद्धि

2022-11-04 16:09:21

चीनी वाणिज्य मंत्रालय द्वारा हाल ही में जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष जनवरी से सितंबर तक, चीन में सेवाओं के आयात और निर्यात की कुल रकम 44 खरब 72 अरब 27 करोड़ युआन रही, जिसमें साल 2021 की समान अवधि की तुलना में 18.2 प्रतिशत का इजाफा हुआ। सेवा व्यापार में निरंतर वृद्धि बनी रही।

वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, जनवरी से सितंबर तक, चीन का सेवा निर्यात 21 खरब 48 अरब 2 करोड़ युआन रहा, जिसमें साल 2021 में जनवरी से सितंबर तक की तुलना में 20.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, सेवा आयात 23 खरब 24 अरब 26 करोड़ युआन रहा, जिसमें 2021 के समान समय से 16.1 प्रतिशत का इजाफा हुआ। सेवा निर्यात की वृद्धि सेवा आयात से 4.4 प्रतिशत ज्यादा रही।

बताया गया है कि सेवाओं में ज्ञान आधारित व्यापार स्थिर रूप से बढ़ रहा है। जनवरी से सितंबर तक, चीन का ज्ञान आधारित सेवाओं का आयात-निर्यात 18 खरब 64 अरब 87 करोड़ युआन रहा, जो कि गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में 10.2 प्रतिशत से अधिक था। तेजी से निर्यात वृद्धि वाले क्षेत्र बौद्धिक संपदा रॉयल्टी, और टेलीकॉम कंप्यूटर व सूचना सेवाएं हैं, जिनमें गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में क्रमशः 22.5 प्रतिशत और 17.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। वहीं, आयात का अधिक तेजी से बढ़ता क्षेत्र बीमा सेवा है, जिसमें वृद्धि दर 56.2 प्रतिशत रही।

उधर, पर्यटन सेवा के आयात और निर्यात की बहाली बनी रही। जनवरी से सितंबर तक, चीन की पर्यटन सेवा का आयात-निर्यात 6 खरब 23 अरब 66 करोड़ युआन रहा, जिसमें 2021 के पहले 9 महीनों की तुलना में 7.4 प्रतिशत का इजाफा हुआ। पर्यटन सेवा के अलावा जनवरी से सितंबर तक, चीन की सेवाओं के आयात-निर्यात में गत वर्ष के समान समय से 20.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यह आंकड़ा साल 2019 की समान अवधि की तुलना में 52.6 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया है।     

(श्याओ थांग)

रेडियो प्रोग्राम