एनडीबी उभरते बाजारों और विकासशील देशों में बुनियादी ढांचे और सतत विकास के लिए समाधान पेश करेगा

2022-10-26 11:00:08

 

25 अक्तूबर को न्यू डेवलपमेंट बैंक(एनडीबी) ने चीन के वित्त मंत्रालय के साथ संयुक्त रूप से "सतत भविष्य के लिए विकास वित्तपोषण का विस्तार" शीर्षक संगोष्ठी आयोजित की, जिसमें एनडीबी की 2022-2026 समग्र रणनीति पर गहन रूप से चर्चा की गई। इस रणनीति को मई 2022 में एनडीबी परिषद की मंजूरी मिली। इसमें अगले पांच वर्षों में एक वैश्विक अग्रणी बहुपक्षीय विकास बैंक बनने, उभरते बाजारों और विकासशील देशों में बुनियादी ढांचे और सतत विकास के लिए समाधान प्रदान करने की विकास दिशा स्पष्ट की गयी।

एनडीबी ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका द्वारा संयुक्त रूप से प्रायोजित एक बहुपक्षीय विकास बैंक है। 2015 में अपनी स्थापना के बाद से एनडीबी ने 90 से अधिक परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिनका कुल ऋण मूल्य लगभग 32 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचा। 2022 की तीसरी तिमाही के अंत तक 19 चीनी परियोजनाओं के 7.15 अरब डॉलर का कुल ऋण मंजूर किया गया।

चीन के वित्त मंत्री और एनडीबी के चीन निदेशक ल्यू खुन ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि चीन 2022 ब्रिक्स के अध्यक्ष देश के रूप में ब्रिक्स देशों के शिखर सम्मेलन के परिणामों में एनडीबी के मुद्दे को शामिल करने का प्रयास कर रहा है। उम्मीद है कि एनडीबी नई समग्र रणनीतिक अवधि में अपने मिशन, खुलेपन और समावेशिता, और उच्च मानकों का पालन करेगा। चीन विभिन्न पक्षों के साथ 21वीं सदी में एनडीबी को एक नए प्रकार के बहुपक्षीय विकास संस्थान के रूप में बनाने को तैयार है, ताकि सभी सदस्य देशों के सतत विकास में मदद मिल सके।

एनडीबी के अध्यक्ष मार्कोस ट्रॉयजो ने कहा कि एनडीबी की रणनीतिक दिशा दुनिया का अग्रणी बहुपक्षीय विकास बैंक बनना और उभरते बाजारों और विकासशील देशों में बुनियादी ढांचे और सतत विकास के लिए समाधान प्रदान करना है। हम प्रत्येक वित्तीय परियोजना के विकास संबंधी प्रभाव को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

संगोष्ठी शांगहाई स्थित एनडीबी के मुख्यालय में ऑनलाइन और ऑफलाइन आयोजित की गई।

(मीनू)

रेडियो प्रोग्राम