यूक्रेन मुद्दे के राजनीतिक समाधान का द्वार खोलें : चीन

2022-09-28 16:02:40

संयुक्त राष्ट्र संघ स्थित स्थाई चीनी प्रतिनिधि चांग चुन ने 27 सितंबर को सुरक्षा परिषद में यूक्रेन मुद्दे के राजनीतिक समाधान का द्वार खोलने की अपील की।

उसी दिन सुरक्षा परिषद ने यूक्रेन मुद्दे की समीक्षा की। चांग चुन ने कहा कि यूक्रेन मुद्दे के निपटारे में चीन का रुख और विचार हमेशा स्पष्ट रहा है। चीन का मानना है कि विभिन्न देशों की प्रभुसत्ता और प्रादेशिक अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए, संयुक्त राष्ट्र चार्टर के लक्ष्य और सिद्धांत का पालन किया जाना चाहिए, विभिन्न देशों की उचित सुरक्षा चिंता पर ध्यान दिया जाना चाहिए, संकट के शांतिपूर्ण समाधान के लिए सभी लाभदायक प्रयासों का समर्थन किया जाना चाहिए।

चांग चुन ने कहा कि शांति साकार करने के लिए विभिन्न पक्षों की समान कोशिश और रक्षा की जरूरत है। समूह टकराव, राजनीतिक अलगाव और प्रतिबंध व दबाव से समस्या का समाधान नहीं किया जा सकता। वर्तमान प्राथमिकता है कि विभिन्न पक्ष शीघ्र ही राजनीतिक समाधान का द्वार खोलें।

चांग चुन ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सामूहिक सुरक्षा व्यवस्था का केंद्र होने के नाते सुरक्षा परिषद को रचनात्मक और जिम्मेदार कार्रवाई कर संकट के राजनीतिक समाधान के लिए बेहतर स्थिति तैयार करनी चाहिए। चीन सभी शांतिप्रिय देशों के साथ इसके लिए पूरी कोशिश करेगा।

(ललिता)

रेडियो प्रोग्राम