ब्रिक्स तंत्र वैश्विक शासन को संपूर्ण बनाता है : आईसीईसी महासचिव

2022-07-06 10:12:58

भारत-चीन आर्थिक और सांस्कृतिक परिषद (आईसीईसी) के महासचिव मोहम्मद साकिब ने 4 जुलाई को शिन्हुआ न्यूज एजेंसी को दिये एक साक्षात्कार में कहा कि ब्रिक्स देश वैश्वीकरण की प्रक्रिया में अंतरराष्ट्रीय मंचों में एक महत्वपूर्ण ताकत बन गए हैं। उन्हें समावेशिता, निष्पक्षता और न्याय के सिद्धांतों के आधार पर एक बहुध्रुवीय नई वैश्विक व्यवस्था और वैश्विक शासन प्रणाली की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

मोहम्मद साकिब ने कहा कि कोविड-19 महामारी के फैलाव, कमजोर आर्थिक बहाली और तनावपूर्ण भू-राजनीतिक स्थिति ने दुनिया के सामने कई चुनौतियां खड़ी की हैं। इस पृष्ठभूमि में कुछ समय पहले आयोजित 14वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन ब्रिक्स देशों और पूरी दुनिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण रहा है। इस सम्मेलन में सिलसिलेवार दूरदर्शितापूर्ण और व्यावहारिक प्रस्तावों को प्रस्तुत किया गया है।

मोहम्मद साकिब ने कहा कि ब्रिक्स देशों के नेताओं ने वैश्विक शासन को मजबूत करने और सुधारने, महामारी से लड़ने के लिए एकजुट होने, विश्व शांति और सुरक्षा बनाए रखने, आर्थिक बहाली को बढ़ावा देने और संयुक्त राष्ट्र 2030 सतत विकास एजेंडा के कार्यान्वयन को तेज करने में शक्ति लगाने का वादा किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ब्रिक्स देश इन चुनौतियों के मुकाबले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि आज की दुनिया में अमेरिका और अन्य पश्चिमी देशों के नेतृत्व वाली शासन प्रणाली वर्तमान आर्थिक, सामाजिक और सुरक्षा समस्याओं को ठीक से हल नहीं कर पा रही है। "एक समावेशी, निष्पक्ष, न्यायपूर्ण, विकासशील देशों की मांगों का प्रतिनिधि करने वाली नई वैश्विक व्यवस्था की स्थापना की जरूरत है।"

उन्होंने आगे कहा कि ब्रिक्स देशों को वैश्विक शासन प्रणाली के सुधार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। इस पहलू में चीन द्वारा प्रस्तुत वैश्विक विकास पहल और वैश्विक सुरक्षा पहल अच्छे कदम हैं।

(मीनू)

रेडियो प्रोग्राम