विश्व एक्वेटिक्स चैंपियनशिप- वांग सिस्टर्स की जोड़ी ने जीते 4 स्वर्ण

2022-06-26 16:35:00

हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में 18 जून से शुरू हुई 19वीं विश्व एक्वेटिक्स चैंपियनशिप में चीन की दो तैराकों की जोड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सभी का ध्यान आकर्षित किया है। छियानयी वांग और लिऊयी वांग ने अब तक विश्व एक्वेटिक्स चैंपियनशिप में संयुक्त रुप से चार स्वर्ण पदक पानी से निकाल लिए हैं। स्पर्धा में अब तक चीन द्वारा जीते गए पांच स्वर्ण पदकों में से चार स्वर्ण पदक इन्हीं दो खिलाड़ियों ने सिंक्रोनाइज़्ड स्विमिंग में अपने नाम किए हैं। हालांकि दो स्वर्ण पदक इन दोनों की जोड़ी को मिले हैं, वहीं दूसरे दो स्वर्ण टीम ईवेंट के भी हैं। यहां उल्लेखनीय है कि दोनों ही युवा तैराक जुड़वा बहनें हैं।

छियानयी वांग और लिऊयी वांग की जोड़ी ने विमेन डुएट टेक्निकल और विमेन डुएट फ्री ईवेंट में अव्वल स्थान हासिल करते हुए दो स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमाया। वहीं विमेन टीम टेक्निकल और विमेन टीम फ्री ईवेंट में भी इन दोनों खिलाड़ियों ने अपनी टीम के साथ संयुक्त रुप से दो स्वर्ण पदक और जीते। इस टीम में कुल 8 तैराक शामिल रहीं।

ये पहला मौका नहीं है जब लिऊयी और छियानयी वांग बहनों ने विश्व एक्वेटिक्स चैंपियनशिप में परचम लहराया हो। जूनियर लेवल से ही अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकीं लिऊयी इसके पहले भी  विश्व चैंपियनशिप का एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीत चुकी हैं। वहीं छियानयी वांग ने पिछले वर्ष टोक्यो में हुए ओलंपिक खेलों में विमेन टीम ईवेंट का रजत पदक भी जीता था। वहीं विश्व एक्वेटिक्स चैंपियनशिप में इसके पहले भी वे एक स्वर्ण और पांच रजत पदक अपने नाम कर चुकी हैं। साथ ही वर्ष 2018 के जकार्ता एशियन गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

सिंक्रोनाइज़्ड स्विमिंग में खिलाड़ियों के बेहतरीन तालमेल और लय का खास ख्याल रखा जाता है और एक निश्चित समय में अपना प्रदर्शन पूरा करना होता है।

चीन के लिए विश्व एक्वेटिक्स चैंपियनशिप का पांचवां स्वर्ण पदक महिलाओं की 200 मीटर फ्रीस्टाईल में आया। युवा तैराक चुनशुआन यांग ने दुनिया के बेहतरीन तैराकों को पछाड़ते हुए इस स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया । इसके अलावा अब तक चीन के तैराकों ने पानी से छह कांस्य पदक निकालने में ही कामयाबी हासिल की है। इसमें एकल पदकों पर नजर दौड़ाएं तो महिलाओं की 200 मीटर फ्रीस्टाईल स्पर्धा में मुहान तांग ने कांस्य पदक जीता तो महिलाओं की 50 मीटर, 100 मीटर एवं 200 मीटर बटरफ्लाई में यूफेई चांग ने एक-एक कांस्य पदक जीतते हुए तीन पदक अपने नाम किए हैं। यूफेई दुनिया की बेहतरीन तैराकों में से मानीजाती है और अब तक कुल ओलंपिक खेल, एशियाई खेल, यूथ ओलंपिक खेल और फीना चैंपियनशिप्स में मिलाकर कुल 58 अपने नाम कर चुकी हैं। इसमें टोक्यो ओलंपिक खेलों के दो स्वर्ण और दो रजत पदक भी शामिल हैं।

इसके अलावा मिक्स्ड डुएट टेक्निकल और मिक्स्ड डुएट फ्री स्पर्धा में हाओई शाओ और ईयाओ चांग की जोड़ी ने दो कांस्य पदक भी जीते।

विश्व एक्वेटिक्स चैंपियनशिप के नौंवे दिन तक की पदक तालिका पर नजर डालें तो चीन 5 स्वर्ण और 6 कांस्य पदकों समेत कुल 11 पदकों के साथ चीन चौथे स्थान पर है। वहीं अमेरिका, इटली,ऑस्ट्रेलिया क्रमश: पहले दूसरे और तीसरे स्थान पर है जबकि कनाडा पांचवें और जापान छठे स्थान पर है।

(साभार---चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

रेडियो प्रोग्राम