कार्य क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा पर ज्यादा ध्यान देगा चीन

2022-06-11 19:07:56

चीन एक बड़ी आबादी वाला राष्ट्र है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग कामकाज के लिए विभिन्न क्षेत्रों में जाते हैं। ऐसे में कार्य क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर भी चिंता रहती है। इसी के मद्देनजर समय-समय पर इस बारे में नियम और कानून बनाए जाते हैं। ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसी दिशा में आपात प्रबंधन मंत्रालय ने नयी पहल शुरू की है। बताया जाता है कि इसका मकसद कार्य सुरक्षा प्रबंधन में जवाबदेही को मजबूत करना है। ताकि कामकाजी लोगों को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया करायी जा सके। 


गौरतलब है कि चीन में वर्ष 2018 में आपात प्रबंधन मंत्रालय की स्थापना हुई। इसके बाद से लेकर अब तक उक्त मंत्रालय ने कार्य सुरक्षा शासन के लिए कानूनी और विनियमन प्रणालियों में और सुधार किया है। मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक यह दर्शाता है कि आपात प्रबंधन के क्षेत्र में काफी प्रगति हासिल हुई है। 

बताया गया है कि मंत्रालय की मदद से देश की शीर्ष विधायिका ने पिछले साल कार्य सुरक्षा कानून में एक संशोधन किया, जिसमें उभरते क्षेत्रों में जोखिम नियंत्रण को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया गया। इसके साथ ही उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सज़ा भी बढ़ायी गयी। 


मंत्रालय के मुताबिक आपराधिक कानून में 2021 के संशोधन में भी समन्वय पर ज़ोर दिया गया है। जिससे यह जाहिर होता है कि अगर किसी कंपनी के संचालन में बड़ी संख्या में लोग मारे जाते हैं या घायल होते हैं या अन्य गंभीर परिणामों का वास्तविक खतरा होता है। ऐसे में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।  

इसके साथ ही कार्य सुरक्षा संबंधी उल्लंघन का पता लगाने और उन पर नकेल कसने के लिए स्थानीय अधिकारियों का मार्गदर्शन करने के लिए सुप्रीम पीपुल्स कोर्ट, सुप्रीम पीपुल्स प्रोक्यूरेटोरेट और सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय के साथ मंत्रालय घनिष्ठ सहयोग करते हुए काम करेगा। 

यह भी कहा जा रहा है कि देश भर की अदालतों में उत्पादन क्षेत्रों में सुरक्षा को खतरे में डालने वाले अपराधों के लिए सज़ा का प्रावधान बढ़ा दिया गया है। 

इससे जाहिर होता है कि चीन कार्य क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है, इसके लिहाज से नए कदमों का परिणाम जल्द ही सामने आएगा। 


अनिल पांडेय 


 

रेडियो प्रोग्राम