• हिन्दी सेवा• चाइना रेडियो इंटरनेशनल
China Radio International
चीन की खबरें
विश्व समाचार
  आर्थिक समाचार
  संस्कृति
  विज्ञान व तकनीक
  खेल
  समाज

कारोबार-व्यापार

खेल और खिलाडी

चीन की अल्पसंख्यक जाति

विज्ञान, शिक्षा व स्वास्थ्य

सांस्कृतिक जीवन
(GMT+08:00) 2006-10-09 13:10:45    
चीन में ऋतुएं, चीन की सब से ऊंची पर्वतमाला, पेइचिंग ऑलंपिक खेल

cri

आज के इस कार्यक्रम में बलीदपुर मऊ उत्तर प्रदेश के डॉक्टर एस ए फारूकी, मोलवी बाजार बंगलादेश के प्रियतोष सूत्रभार,आरा बिहार के राम कुमार नीरज, विजयवाड़ा आंध्र प्रदेश की रहमतुननिशा और बेकी बुही के मेहद सिंह,फारिदापुर उत्तर-प्रदेश के रईस अहमद अंसारी और कोआथ बिहार के सुनील केशरी व उन के साथियों के पत्र शामिल हैं।

बलीदपुर मऊ उत्तर प्रदेश के डॉक्टर एस ए फारूकी का सवाल है कि चीन की विभिन्न ऋतुएं कौन-कौन सी हैं और कितने-कितने महीनों की?

फारूकी भाई,चीन में वसंत,ग्रीष्म,पतझड़ और सर्दी का कालचक्र रहता है।आम तौर पर एक ऋतु 3 महीनों की होती है।लेकिन विषम भौगोलिक स्थिति के कारण कुछ क्षेत्रों में ऋतुओं के विभाजन की सीमा स्पष्ट नहीं है।

जैसा की आप जानते हैं कि चीन प्राय: शीतोष्ण कटिबंध में है,लेकिन इस की जलवायु इसी अक्षांश पर स्थित अन्य देशों की अपेक्षा अधिक शीतल है।चीन की जलवायु पर मौसमी हवाओं,चक्रवातीय आंधियों और उष्ण कटिबंधीय तूफानों का प्रभाव पड़ता है।जाड़े में साइबेरिया की ओर से शुष्क व ठंडी हवाएं आती है।ग्रीष्मकाल में प्रशांत महासागर से जलवाष्प से भरी हुई हवाएं दक्षिण या दक्षिण-पूर्व की दिशा से आती हैं।5000 फुट की ऊंचाई तक ये हवाएं बहती हैं और उस के ऊपर वर्ष भर व्यापारिक हवाओं पर आधिपत्य रहता है।पश्चिम में पूर्व की ओर यूरोप तथा मध्य एशिया से चक्रवातीय आंधियां भी बहती हैं,जोकि जाड़े और वसंत में मध्य चीन में तथा जुलाई,अगस्त में उत्तरी चीन में प्रभाव डालती है।प्रशांत महासागर से आने वाली हवाएं तथा चक्रवातीय आंधियां मिलकर खूब वर्षा करती हैं।प्रशांत महासागर में कैरोलिन द्वीपसमूह से उष्ण कटिबंधीय तूफान चलते हैं,जो चीन की भूमि पर वर्ष भर में कम से कम चार-पांच आक्रमण करते हैं।ये तूफान वर्षा तो लाते हैं,किंतु हानि भी बहुत करते हैं।

चीन विशाल देश है और इस का अधिकांश भाग समुद्र से बहुत दूर है,इसलिए वहां की जलवायु अत्यंत विषम है।इस महाद्वीप में भीषण जाड़ा और भीषण गर्मी पड़ती है।समुद्र के पास वाले भागों की जलवायु सम है।उत्तर में हेलुंगच्यांग प्रांत का जनवरी का औसत ताप शुन्य से नीचे 30 डिग्री और दक्षिण में फूच्यैन प्रांत का 13 डिग्री है।चीन की राजधानी पेइचिंग से दक्षिण की ओर बढने पर जनवरी और जुलाई दोनों का औसत ताप बढ़ता जाता है।दक्षिण से उत्तर की ओर बढ़ने पर तथा समुद्रतट से भीतर की ओर जाने पर वर्षा धीरे-धीरे कम होती जाती है।पीली नदी घाटी में छांगच्यांग नदी की अपेक्षा कम वर्षा होती है और भीतरी मंगोलिया एवं सिंगच्यांग वेवूर स्वायत्त-प्रदेश का अधिकांश भाग रेगिस्तानी है।

मौलवी बाजार बंगलादेश के प्रियतोष सूत्रभार पूछते हैं कि चीन की सब से ऊंची पर्वतमाला का नाम क्या है? सुनिल केशरी,डी डी साहिबा, संजय केशरी, बविता केशरी, खुशबू केशरी, प्रियंका केशरी ,आरा बिहार के राम कुमार नीरज और अन्य बहुत से श्रोताओं ने भी इस के बारे में जानने की इच्छा प्रकट की है।

मित्रो,चीन की सब से उंची पर्वतमाला हिमालय पर्वतमाला है।उस की सर्वोच्च चोटी छोमालांगमा चोटी या माऊंट एवरेस्ट है।अक्तूबर 2005 में हुए ताजा सर्वेक्षण के अनुसार उस की ऊंचाई 8844.3 मीटर है और वह दुनिया की सब से ऊंची चोटी है।उस पर जो सौ से अधिक हिमनद पाए जाते हैं,उन का कुल क्षेत्र 1600 वर्गकिलोमीटर है।

विजयवाड़ा आंध्र प्रदेश की रहमतुननिशा और बेकी बुही के मेहद सिंह को पेइचिंग ऑलंपिक खेलों के आयोजन में रूचि हैं।वे पूछते हैं कि चीन में वर्ष 2008 में होने वाले ऑलंपिक खेलों में भाग लेने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को किस तरह की सुरक्षा दी जाएगी और ऑलंपिक खेलों पर कितनी रकम खर्च होने का अनुमान है? फरीदापुर उत्तर प्रदेश के रईस अहमद अंसारी ने भी इस से जुड़ा प्रश्न पूछा है।

चीनी ऑलंपिक कमेटी के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार वर्ष 2008 में चीन की राजधानी पेइचिंग में होने वाले ऑलंपिक खेलों पर कोई 33 अरब 80 करोड़ अमरीकी डॉलर खर्च होंगे,जिस में खेलों के आयोजन,संबंधित सरंजामों के निर्माँण और सेवा से जुड़े विषयों के लिए ज़रूरी रकम शामिल है।

चीन में राजनीतिक व सामाजिक स्थिरता बरकरार है और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित है। और राजधानी पेइचिंग विश्व में सब से सुरक्षित महानगरों में से एक है।चीनी ऑलंपिक कमेटी ने दावा किया है कि वर्ष 2008 में पेइचिंग में ऑलंपिक खेलों का मैत्रीपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में सुरक्षित रूप से आयोजन होगा।योजना के अनुसार चीनी राष्ट्रीय सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय,पेइचिंग म्युनिसीपैलिटी के सार्वजनिक सुरक्षा ब्यूरो,सशस्त्र पुलिस-सेना और गार्ड सेवा कंपनियां एक साथ मिलकर ऑलंपिक खेलों का सुरक्षा कार्य संभालेंगे।

ऑलंपिक खेलों के आयोजन के दौरान पेइचिंग के लगभग 80 हजार लोग सुरक्षा-कार्य में लगे रहेंगे,जिन में पेशेवर सुरक्षाकर्ताओं के अलावा बाकी सभी लोग सख्त परीक्षण की प्रकिया से चुने जाएंगे।ज़रूरत पड़ने पर सशस्त्र बलों की मदद भी ली जाएगी।चीनी ऑलंपिक कमेटी के एक अधिकारी ने कुछ समय पहले बताया कि जल्द ही चीनी ऑलंपिक सुरक्षा कमेटी का गठन होगा,जो विशेष रूप से पेइचिंग ऑलंपिक खेलों के आयोजन के दौरान सुरक्षा-कार्य की देखरेख करेगी।चीनी सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री स्वयं इस कमेटी के नेता रहेंगे।यह कमेटी ऑलंपिक खेलों के बुनियादी संसाधनों,खासकर ऑलंपिक गांवों की सुरक्षा के लिए एक अभेद्य सुरक्षा योजना बनाएगी,जिस में इलेक्ट्रोनिक सुरक्षा निगरानी,संबंधित दस्तावेजों की जांच व प्रबंध और चौबीसों घंटों की गश्त आदि व्यवस्थाओं की स्थापना शामिल होगी। चीन बीस साल से भी अधिक समय पूर्व इंटरपोल संगठन का एक सदस्य बन गया था।इस संगठन के अन्य सदस्य भी पेइंचिंग ऑलंपिक खेलों की सुरक्षा में चीनी पक्ष के साथ घनिष्ठ सहयोग करेंगे।