सुरक्षा परिषद : अफ़गानिस्तान में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने 1 मई को बयान जारी कर अफ़गानिस्तान में 30 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की बेहद कड़े शब्दों में निंदा की।
बयान में कहा गया कि सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने मृतकों के परिजनों और अफ़गान सरकार के प्रति गहरी सहानुभूति और शोक जताया और घायलों के शीघ्र ही ठीक हो जाने की कामना की।
बयान में बल देते हुए कहा गया कि इस प्रकार के आतंकी हमलावरों, संयोजकों, पूंजी देने वालों और समर्थकों को कानून के अनुसार सज़ा दी जानी चाहिए। सभी देशों को अंतरराष्ट्रीय कानून और सुरक्षा परिषद के संबंधित निर्णय और निर्धारण के अनुसार अफ़गान सरकार और अन्य संबंधित पक्षों के साथ सक्रिय सहयोग करना चाहिए।
सुरक्षा परिषद ने दोहराया कि किसी भी किस्म का आतंकवाद अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के सामने सबसे गंभीर खतरों में से एक है, सभी देशों को आतंकी कार्रवाई को रोकने के लिए हरसंभव प्रयास करना जरूरी है।
गौरतलब है कि 30 अप्रैल को अफ़गानिस्तान की राजधानी काबुल और दक्षिण में कंधार प्रांत में कई आतंकी विस्फोट हमले हुए। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के आंकड़ों के अनुसार, हमले से कम से कम 41 लोगों की मौत हुई और अन्य 45 घायल हुए।
(श्याओ थांग)



