पेइचिंग से काठमांडू के लिए सीधी उड़ान आधिकारिक तौर पर शुरू
27 अक्तूबर को स्थानीय समय के अनुसार सुबह 9 बजकर 20 मिनट पर हिमालय एयरलाइन्स के ए320 यात्री विमान ने काठमांडू अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी और साढ़े पाँच घंटे की उड़ान के बाद पेइचिंग के ताशींग अंतर्राष्ट्रीय अड्डे पर उतरा। इस तरह पेइचिंग से काठमांडू के लिए सीधी उड़ान आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है।
हिमालय एयरलाइन्स चीन द्वारा अन्य देशों में स्थापित प्रथम संयुक्त पूंजी वाली एयरलाइन्स है। एयरलाइन्स के उद्घाटन समारोह में नेपाल स्थित चीनी राजदूत हो यैनछी ने कहा कि राष्ट्रपति शी चिनफिंग की यात्रा से दोनों देशों के बीच संबंधों को नये स्तर पर पहुंचाया गया है। हिमालय एयरलाइन्स चीन के तिब्बत स्वायत्त प्रदेश के तहत तिब्बत नागरिक उड्डयन विकास कंपनी के द्वारा नेपाल के साथ स्थापित संयुक्त पूंजी एयरलाइन्स है और यह चीन द्वारा नेपाली नागरिग उड्डयन में निवेश की गयी सबसे बड़ी परियोजना है। अब काठमांडू और पेइचिंग के बीच उड़ानें हर सप्ताह में तीन बार उड़ेंगी। हिमालय एयरलाइन्स की उड़ानें दोहा, अबू धाबी, दम्मम, कुआलालंपुर और ढाका आदि शहरों तक भी जाती हैं। पेइचिंग के बाद हिमालय एयरलाइन्स की उड़ानें ल्हासा समेत कई चीनी शहरों तक उड़ेंगी।
हिमालय एयरलाइन्स के प्रमुख चाऔ एनयूंग ने कहा कि चीन और नेपाल के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग गहन रूप से चल रहा है। लोगों के बीच आदान-प्रदान भी और घनिष्ठ होने लगे हैं। दोनों देशों के बीच अधिक उड़ानों की जरूरतें भी सामने आयी हैं। हिमालय एयरलाइन्स चीन से नेपाल और अन्य एशियाई देशों, यहां तक मध्य-पूर्व तक जोड़ने वाला वायु रेशम मार्ग बनने को तैयार है।
आज चीन नेपाल का दूसरा सबसे बड़ा पर्यटक स्रोत बन चुका है। वर्ष 2018 में नेपाल की यात्रा करने वाले चीनी पर्यटकों की संख्या डेढ़ लाख तक जा पहुंची है। नेपाल की योजना है कि वर्ष 2020 नेपाली पर्यटन साल में कुल पाँच लाख चीनी पर्यटकों को आकर्षित किया जाएगा।
( हूमिन )




