चीन और पाकिस्तान के बीच नया माल ढुलाई मार्ग
पश्चिमोत्तर चीन के कांसू प्रांत की राजधानी लानचो को पाकिस्तान में इस्लामाबाद के साथ जोड़ने के लिए मंगलवार को एक नई रेल और सड़क कार्गो सेवा शुरू की गई।
मैकेनिकल उपकरण, ऑटो पार्ट्स और दैनिक आवश्यकता वाली वस्तुओं की 30 ढुलाई गाड़ियां ले जाने वाली पहली रेलगाड़ी मंगलवार सुबह लानचो में रसद केंद्र से रवाना हुई। यह रेलगाड़ी शिनच्यांग उइगुर स्वायत क्षेत्र में काशगर तक जाएगी, उसके बाद वस्तुओं को राजमार्ग से इस्लामाबाद पहुंचाया जाएगा।
कानसू (लानचो) के अंतरराष्ट्रीय भूमि बंदरगाह के प्रबंधन भूमि समिति के उप निदेशक लुओ त्से के अनुसार, 4500 किमी की यात्रा में 13 दिन लगेंगे, जो कि पारंपरिक समुद्री मार्ग से लगभग 15 दिन कम हैं।
यह कांसू से दक्षिण एशिया जाने वाली दूसरी माल ढुलाई रेल सेवा है। साल 2016 में, लानचो और काठमांडू के बीच एक रेल और सड़क कार्गो सेवा शुरू की गई थी।
लुओ ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि नई रेल और सड़क कार्गो सेवा चीन और पाकिस्तान के बीच सहयोग के लिए एक अच्छा उदाहरण स्थापित कर सकती है और बेल्ट और रोड पहल में शामिल होने के लिए अधिक देशों और क्षेत्रों को प्रोत्साहित करती है।"
(अखिल पाराशर)

