चीन : क्वेइचो बना बिग डेटा का हब
पिछले कुछ वर्षों में चीन का दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र क्वेइचो बिग डेटा का हब बनकर उभरा है और लगातार छह सालों से जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) वृद्धि दर के मामले में चीन का शीर्ष प्रांत बना हुआ है।
क्वेइचो प्रांत व उसकी राजधानी क्वेइयांग में आर्थिक विकास करने के लिए बिग डेटा उद्योग विकसित करना एक समझदारी वाला विकल्प और सबसे अच्छा रास्ता समझा जा सकता है।
जब मैंने इस प्रांत का दौरा किया तो मालूम हुआ कि यह प्रांत बिग डेटा औद्योगिक विकास का कलस्टर है, और हुआवे, टेनसेंट, फॉक्सकॉम और अलीबाबा और चाईना मोबाइल का कोर डेटा केंद्र इसी प्रांत में है। वास्तव में इस प्रांत में सबसे बड़ा बिग डेटा और क्लाउड कंप्यूटिंग बेस बनने की क्षमता है।
राष्ट्रीय व प्रांतीय सरकार इस प्रांत में उभरती हुई प्रौद्योगिकी आधारित क्षेत्र जैसे अपराध निवारण, महामारी के अध्ययन, शोध मूल्यांकन, व्यापार विश्लेषण, कानूनी उद्धरण, यातायात प्रबंधन आदि में भारी निवेश कर रही है। क्वेइयांग सरकार ने बिग डेटा उद्योग को समर्थन देने के लिए कई नीतियां लागू की हैं। बिग डेटा से भविष्य के शहर में बिजली के ग्रिड से लेकर सीवर पाइप, सड़कें, कारें और इमारतें हर चीज़ एक-एक नेटवर्क से जुड़ी होगी। इमारत अपने आप बिजली बंद करेगी, स्वचालित कारें खुद अपने लिए पार्किंग ढूंढेंगी और यहां तक कि कूड़ादान भी स्मार्ट होगा।
चीन के लिए बिग डेटा एक नई रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण तकनीक बन रही है। बिग डेटा एक ऐसी प्रक्रिया है जिसके तहत डेटा के विशाल समुह एकत्र किये जाते हैं और उनका विश्लेषण किया जाता है। वर्तमान युग डेटा का युग है क्योंकि दुनिया चौथी औद्योगिक क्रांति के दौर से गुजर रही है। बिग डेटा और उसके विश्लेषण के माध्यम से दिये हुए पैटर्न को जानने, बाजार एवं उपभोक्ताओं के रूख का विश्लेषण करने का प्रयास किया जाता है। यही कारण है कि आर्थिक क्रियाकलापों में एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में बिग डेटा का महत्वपूर्ण स्थान है।
अगर देखा जाए तो बिग डेटा उद्योग को आकर्षित करने के लिए क्वेइयांग के पास पांच विशिष्ट फायदे हैं- अनुकूल जलवायु की स्थिति, मजबूत बुनियादी ढांचे की गारंटी, सहायक औद्योगिक आधार, औद्योगिक संसाधन आयात और अधिमान्य नीतियों के लिए प्लेटफार्म। क्वेइयांग को बिग डेटा की विशेषज्ञता हासिल है। अच्छी वायु गुणवत्ता, शांत मौसम और स्थिर भूवैज्ञानिक संरचना जानकारी उपकरणों के लिए एक शीर्ष सुरक्षा वातावरण प्रदान कर सकते हैं।
क्वेइयांग में बिग डेटा उद्योग का विकास केवल संभव नहीं है, बल्कि आशाजनक भी है। इस प्रांत की पिछड़ी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में इसका खास योगदान रहेगा।
(अखिल पाराशर)





