चीनी उद्योग व सूचनाकरण मंत्रालय के मंत्री ली यी चुंग ने 12 मार्च को पेइचिंग में कहा कि चीन में इन्टरनेट खुला है, और किसी कंपनी को चीन में इन्टरनेट से जुड़ा व्यापार करने के लिए चीन के कानूनों व नियमों का पालन करना ही होगा।
उसी दिन आयोजित 11वीं चीनी राष्ट्रीय जन प्रतिनिधि सभा के तीसरे पूर्णाधिवेशन के संवाददाता सम्मेलन में ली यी चुंग ने गुगल से जुड़े सवालों के जवाब में उक्त बातें कहीं।
ली यी चुंग ने कहा कि चीन में इन्टरनेट का विकास बहुत तेज है। अभी तक चीन में नेटीज़नों की कुल संख्या 30 करोड़ से ज्यादा पहुंच गयी है और वेबसाइटों की संख्या 38 लाख से ज्यादा है। उन्होंने कहा कि चीन अन्य देशों की तरह कानून के आधार पर इन्टरनेट का प्रबंध करता है जिस का लक्ष्य है देश व जनता के हितों की रक्षा करना, और अवयस्कों की रक्षा करना। उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 में चीनी बाजार प्रवेश करने के बाद गुगल का विकास बहुत अच्छा रहा है, और उसने चीनी बाजार का 30 प्रतिशत अपने वश में कर लिया है। चीन उस के व्यापार व बाजार को विस्तृत करने का समर्थन करता है, लेकिन इस की पूर्व शर्त यह है कि वह चीनी कानून का पालन करे। चीनी बाजार से हटने की चर्चा में उन्होंने कहा कि यह गुगल की इच्छा है। उन्हें विश्वास है कि गुगल घटना का समाधान अच्छी तरह से किया जाएगा।(चंद्रिमा)















