Web  hindi.cri.cn
    033 आंखों देखा है सच
    2017-06-20 19:47:04 cri

    आंखों देखा है सच 眼见为实

    पहली कहानी का शीर्षक है:"आंखों देखा है सच", इसे चीनी भाषा में"यान च्यान वेइ शी"(yǎn jiàn wéi shí) कहा जाता है। इसमें"यान" आंखें हैं और"च्यान"का अर्थ है देखना, जबकि"वेइ"का अर्थ है होना और"शी"का अर्थ है सच।

    चीन की प्राचीन कथा पुस्तक के अनुसार आज से दो हजार वर्ष पूर्व, चीन के हान राज्य काल(ईसा पूर्व 202 से वर्ष 220 तक) में एक बार छ्यांग जाति की सेना ने हान राज्य की सीमा पर धावा बोला। हान राजवंश के सम्राट ने 76 साल के बुजुर्ग सेनापति चाओ छ्वाङ क्वो को दुश्मन को देश से खदेड़ने के लिए भेजा।

    सेनापति चाओ छ्वाङ क्वो युद्ध कला में दक्ष थे और उन्हें दर्जनों युद्ध जीतने का अनुभव भी था।

    सम्राट ने जब उनसे पूछा:"छ्यांग जाति के आक्रमण को नाकाम करने के लिए कितनी सेना की जरूरत होगी?"

    चाओ छ्वाङ क्वो ने जवाब दिया:" यह तय करने के लिए युद्ध क्षेत्र में जाकर खुद अपनी आंखों से देखना होगा, युद्ध मैदान से दूर इस बात का अंदाजा लगाना मुश्किल है। मैं खुद अग्रिम मोर्चे पर दुश्मन की शक्ति का पता लगाने जाऊंगा और सही जानकारी के आधार पर लड़ाई की योजना बनाऊंगा।"

    सम्राट की आज्ञा पर बुजुर्ग सेनापति चाओ सेना की मात्र एक टुकड़ी लेकर युद्ध क्षेत्र गये, सैन्य टुकड़ी जब पीली नदी के पास पहुंची, तो सामने छ्यांग जाति की सेना की एक छोटी टुकड़ी दिखी। सेनापति चाओ छ्वाङ क्वो ने दुश्मन पर चढ़ाई करने का आदेश दिया। दुश्मन की सेना हार गई और हान सेना ने कई दुश्मन सैनिक पकड़ लिए। इस विजय पर खुश होते हुए अधीनस्थ सैन्य अधिकारी ने सेनापति चाओ से तुरंत दुश्मन की अन्य टुकड़ियों पर हमला करने की सलाह दी, लेकिन सेनापति चाओ छ्वाङ क्वो ने उसकी सलाह नहीं मानी। उन्होंने कहा:"हमारी सेना बहुत दूर से अभी-अभी यहां पहुंची है, सभी जवान थके हुए हैं, और हमें दुश्मन सेना की स्थिति का पता नहीं है। कहीं वे घात लगाकर तो नहीं बैठे हैं, हमें सतर्क होना चाहिए।"

    इसके बाद सेनापति चाओ छ्वाङ क्वो ने युद्ध के मैदान की स्थिति, दुश्मन के युद्धबंदियों से उनकी सैन्य शक्ति की असलियत जानी और दुश्मन को छिन्न भिन्न करने की योजना बनायी। इस तरह की अच्छी तैयारी के लिए स्रम्राट से अतिरिक्त सेना भेजने की मांग की। अंत में हान राज्य की सेना ने छ्यांग जाति की सेना को पूरी तरह परास्त कर सीमा से दूर बाहर खदेड़ दिया और अपने क्षेत्र में लम्बे समय तक शांति कायम रखी। बुजुर्ग सेनापति का यह कथन कि आंखों देखा हाल सच होता है, देश में प्रसिद्ध हो गया।

    नीति कथा"आंखों देखा है सच" को चीनी भाषा में"यान च्यान वेइ शी"(yǎn jiàn wéi shí) कहा जाता है। वास्तव में यह वाक्य पूरा नहीं है, चीनी कहावत में इसे वाक्य को पूरा कर"यान च्यान वेइ शी, अर थिंग वेइ श्यु"कहा जाता है। इसमें"अर"का अर्थ कान है और"थिंग"का अर्थ सुनना है, वहीं"वेई"का अर्थ है होना और"श्यु"का अर्थ है झूठा। कुल मिलाकर यह पूरा वाक्य का अर्थ निकलता है"आंखों देखी मानों, और कानों सुनी न मानों"। इस कहानी से हमें पता चलता है कि कभी-कभी सुनी हुई बातें सच नहीं होती हैं। हमें खुद आंखों से देखकर स्थिति की असलियत जाननी चाहिए।

    1  2  3  
    © China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
    16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040