पूर्व राष्ट्रपति डॉ ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का आदर्शमय जीवन, हम सभी के लिए हमेशा से प्रेरणास्पद रहा है, उनकी बातें नई दिशा दिखाने वाली हैं, उन्होंने करोड़ों आँखों को बड़े सपने देखना सिखाया है, वे कहते थे, "इससे पहले कि सपने सच हों आपको सपने देखने होंगे।"
कलाम साहब एक ज़िंदा दिल इंसान थे जो हमेशा ही देश के युवाओं की मदद करने के लिए तैयार रहते थे। राष्ट्रपति की कुर्सी से हटने के बाद भी वह लगातार युवाओं को प्रेरणा देने के लिए कार्यक्रम करते रहते थे।
पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने चीन की 2 बार यात्रा की। उनकी चीन यात्राओं और उनमें छात्रों के साथ उनके संवाद को याद करते हुए चीन के शिक्षक समुदाय ने भारत के मिसाइल मैन को श्रद्धांजलि दी और कहा कि वह केवल भारत के नहीं बल्कि पूरी दुनिया के वैज्ञानिक थे।
पेकिंग यूनीवर्सिटी में सेंटर फॉर साउथ एशियन स्टडीज के प्रमुख प्रोफेसर जियांग जिंगकुई ने कहा कि कलाम के निधन से हम बहुत बहुत दुखी हैं। हम उन्हें हमेशा अश्रुपूरित नेत्रों से याद करेंगे। इस केंद्र ने कलाम को अतिथि प्रोफेसर के तौर पर सम्मानित किया था। कलाम का कल 83 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।
विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के प्रमुख जियांग ने कहा कि वह केवल भारत के नहीं बल्कि पूरी दुनिया के भी वैज्ञानिक हैं। चीन की जनता उन्हें लंबे समय तक याद रखेगी। कलाम ने 2 बार चीन की यात्रा की थी। पहली बार वह 2012 में चीन आये थे और बाद में चीनी सरकार के निमंत्रण पर 2014 में आए थे। चीन में छात्रों को संबोधित करते हुए कलाम ने चीन-भारतीय संयुक्त अंतरिक्ष साझेदारी की वकालत की थी।
बेहद गरीब परिवार में जन्मे कलामजी के बारे कई ऐसी बातें हैं जो बहुत कम लोग ही जानते हैं। आइए.. इस ओडियो के माध्यम से उनकी ज़िंदगी के ऐसे ही कुछ पहलुओं के बारे में जानते हैं...
दोस्तों, भारत के पूर्व राष्ट्रपति कलाम करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत रहे। अपनी वाक कला से हजारों की भीड़ को मंत्र-मुग्ध करते रहे। युवाओं में नया करने का जोश और हौसला भरते रहे। उन्होंने हम सभी को कई यादगार बातें बतलायी, और हमेशा लोगों को Motivate किया। आइए जानते हैं उनकी कई यादगार बातें...
1. आपका सपना सच हो, इसके लिए जरूरी है कि आप सपना देखें।
2. उत्कृष्टता एक निरंतर प्रक्रिया है और यह अचानक नहीं होती।
3. जिंदगी कठिन है। आप तभी जीत सकते हैं जब आप मनुष्य होने के अपने जन्मसिद्ध अधिकार के प्रति सजग हैं।
4. व्यक्ति के जीवन में कठिनाई नहीं होगी तो उसे सफलता की खुशी का अहसास नहीं होगा।
5. हमें दुनिया तभी याद रखेगी जब हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को एक सुरक्षित और विकसित भारत देंगे जो कि आर्थिक संपन्नता और सांस्कृतिक विरासत से मिला हो।
6. जो अपने दिल से काम नहीं करते जिंदगी में भले ही कुछ पा लें, लेकिन वह खोखली होती है। यह आपके मन में कड़वाहट भरती है।
7. शिक्षाविदों को छात्रों का रोल मॉडल बनना चाहिए और यह प्रयास करना चाहिए कि उनमें खोजने, जांचने, सृजनात्मकता और उद्यमशीलता की क्षमता उभरे।
8. आसमान की ओर देखें। हम अकेले नहीं हैं। पूरा ब्रह्मांड हमारा मित्र है और जो सपना देख रहे हैं और मेहनत कर रहे हैं उन्हें बेहतरीन फल देने प्रयास कर रहा है।
लिली- दोस्तों, यह था हमारा संडे स्पेशल। हम भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे कलाम को श्रृद्धांजली देते हैं। वो हमेशा हमारी यादों में बने रहेंगे। चलिए... दोस्तों, अभी हम चलते हैं अजीबोगरीब और चटपटी ख़बरों की तरफ।
अखिल- चलिए, मैं आपको बताता हूं कि अमेरिका में आईफोन एप ने कैसे पकड़वाया चोर को। दोस्तों, अमेरिका में एक व्यक्ति ने अपने आईफोन के एप और सर्विलांस कैमरे की मदद से एक चोर को उसके घर जाकर पकड़ा.
साल्ट लेक शहर में 25 वर्षीय ब्रायन वेज ने अपने फोन में मौजूद सर्विलांस एप (नेस्ट कैम) को सीसीटीवी कैमरे से जोड़ दिया. यह एप गति व ध्वनि का पता लगाता है और घर में लगे कैमरे के जरिए फुटेज रिकॉर्ड करता है.