लिली- चलिए दोस्तों, मैं एक ऐसी लड़की के बारे में बताने जा रही हूं नींद में भी अनोखा काम करती है।
दोस्तों, आजकल प्रतिभावान बच्चों की कमी नही है। कोई पढ़ाई में नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है तो कोई डांस और सिंगिंग में। लेकिन इन सबसे अलग है न्यूजीलैंड में रहने वाली ये 12 साल की लड़की इसाबेल इसका टैलेंट सुनकर तो आप हैरान हो जाएंगे। इसाबेल नींद में चलती है, अब आप कहेंगे यह भी कोई टैलेंट है। लेकिन आपका जानकर आश्चर्य होगा कि इसाबेल सिर्फ नींद में चलती ही नहीं, बल्कि नींद में प्यानो भी बजाती है। इसाबेल पहले भी नींद में चली है, लेकिन उसने पहले कभी प्यानो नहीं बजाया और न ही उसे प्यानो बजाना आता है। बता दें कि प्यानो बजाते हुए इसाबेल के खर्राटों की आवाज साफ सुनाई देती है। जबकि उसके हाथ प्यानो को बजा रहे होते हैं। हैरत की बात यह है कि सुबह होने पर इसाबेल को इसके बारे में कुछ याद नहीं रहता है। इसाबेल के एक रिश्तेदार ने इसका एक वीडियो भी बनाया है।
अखिल- अरे वाह.. बहुत दिलचस्प बात बताई आपने लिली जी। चलिए दोस्तों, मैं आपको चीनी डॉक्टरों का कमाल बताता हूं, जिन्होंने महीने बाद कलाई से जोड़ा कटा हाथ।
दोस्तों, चीन में आए दिन अजीबो-गरीब मामले सुनने को मिलते ही रहते हैं। मामले भी ऐसे जिन पर विश्वास करना काफी मुश्किल होता है। चीन में डॉक्टरों ने एक लाजवाब काम कर दिखाया।
दरअसल, चीन के चांगशा में शियांग्या अस्पताल के डॉक्टरों ने एक शख्स का 'कटा हुआ हाथ' जिंदा रखने के लिए अनोखा ऑपरेशन किया। उन्होंने फैक्टरी वर्कर झोऊ के कटे हाथ को पैर से जोड़ दिया। इसी तरह हाथ को 30 दिनों तक जिंदा रखा गया और फिर 10 घंटे की सर्जरी के बाद उसे वापिस कलाई से जोड़ दिया गया।
झोउ का हाथ ब्लेड मशीन पर काम करने के दौरान कट गया था। उसे तुरंत चांगशा के शियांग्या अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को समझते हुए हाथ को सर्जरी के जरिए जोड़ने का फैसला किया लेकिन झोउ के हाथ की हालत बहुत खराब थी। हादसे में हाथ को इतना नुकसान पहुंच चुका था कि डॉक्टरों के लिए इसे तुरंत कलाई से जोड़ना संभव नहीं था।
डॉक्टरों का मानना था कि हाथ की नसें और मांसपेशियां बेहतर स्थिति में पहुंच जाए, तब उसे कलाई से जोड़ा जाए। डॉ. तांग ने बताया कि सामान्य तापमान में कटी हुई उंगलियों को भी 10 घंटे के अंदर पर्याप्त खून की जरूरत थी। अगर ये अंग ज्यादा देर तक खून की कमी झेलता, तो इसके टिशू मर जाते और इसे जिंदा रखना मुश्किल हो जाता। डॉ. तांग और उनकी टीम ने फैसला किया कि झोउ का हाथ उनकी दाईं एड़ी से जोड़ दिया जाए।
इसके बाद डॉ. तांग और उनकी टीम ने 10 घंटे की सर्जरी कर इसे कलाई से जोड़ा। झोउ अब अपनी उंगलिया चलाने में सक्षम है। हालांकि, हाथ का पहले की तरह इस्तेमाल करने में अभी उसे वक्त लगेगा। आपको बता दें कि शियांग्या अस्पताल के डॉक्टर्स इससे पहले 2013 में भी ऐसा ही एक सफल ऑपरेशन कर चुके हैं।
लिली- वाह... वाकई में कमाल की बात है। दोस्तों, अब आपको एक ख़बर बताती हूं कि चीन बना रहा दुनिया की नंबर वन दूरबीन
दोस्तों, नासा के हाल ही में 'अर्थ 2.0' की खोज की। इसके बाद चीन ने दावा किया है कि वह दुनिया की सबसे बड़ी दूरबीन बनाने का काम जल्द पूरा करने वाला है। एक बार 'फास्ट' (फाइव हंड्रेड मीटर अपार्चर स्पियरिकल रेडियो टेलीस्कोप) का निर्माण पूरा हो जाने पर चीन ब्रह्मांड को और गहराई से खंगाल सकेगा।
नासा ने केपलर 452बी के माध्यम से 1400 प्रकाश वर्ष दूर पृथ्वी की तरह के उपग्रह का पता लगाने में सफलता हासिल की है।
चीन की एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक, चीन ने घोषणा की है कि इसने दुनिया की सबसे बड़ी रेडियो दूरबीन बनाने का काम शुरू कर दिया है, जो इसके गुझोउ प्रांत में फुटबॉल के 30 मैदान के आकार के बराबर है।
इसका व्यास 500 मीटर है। इसमें 4,450 पैनल लगेंगे। हर पैनल के किनारे की लंबाई 11 मीटर है। चीन ने बाहरी अंतरिक्ष को देखने की क्षमता बढ़ाने के लिए दूरबीन बना रहा है।
'फास्ट' नाम की यह दूरबीन प्यूर्टो रिको के अरेसिबो ऑब्जर्वेटरी का स्थान लेगी, जिसका व्यास 300 मीटर है।
लिली- चलिओ दोस्तों, अभी हम सुनते हैं यह हिन्दी गाना... उसके बाद आपके ले चलेंगे हमारे मनोरंजन के दूसरे सेगमेंट की तरफ...