Wednesday   Aug 13th   2025  
Web  hindi.cri.cn
संडे की मस्ती 2015-07-19
2015-07-16 17:01:54 cri

 

यांग- दोस्तों... यह थी हमारी ख़ास रिपोर्ट, चलिए अब बढ़ते हैं हमारे अजीबगरीब और चटपटी ख़बरों की तरफ

 

यांग- दोस्तों, एक नए एप के जरिये आपका स्मार्टफोन अब राशन खरीदने, सामान सहेजने और कपड़े सुखाने जैसे रोजमर्रा के घरेलू कामकाज में भी आपकी मदद करेगा। न्यूयॉर्क शहर में अल्फ्रेड नामक यह ऑन-डिमांड सेवा दफ्तरों में अति व्यस्त रहने वाले लोगों की मदद कर रही है। यह उनके लिए एक अदद नौकर का इंतजाम करती है जो सारे घरेलू काम निपटा देते हैं। बोस्टन में मार्सेला सपोन द्वारा 2013 में शुरू की गई इस सेवा के अंतर्गत अब तक अकेले न्यूयॉर्क में '75 अल्फ्रेड' कामकाजी लोगों की सेवा में लगे हैं। यह अल्फ्रेड इस बात पर भी नजर रखते हैं कि आपको घर में कब किस चीज की जरूरत पड़ सकती है। जरूरत की वस्तुओं का इंतजाम वह खुद ही कर देते हैं। कंपनी द्वारा 2017 तक इसे दस अमेरिकी शहरों में फैलाने की योजना है। न्यूयॉर्क शहर में अभी यह सेवा प्रतिमाह 99 डॉलर (करीब 6,285 रुपये) की दर पर उपलब्ध है।

अखिल- हम्मम.. वाकई कमाल का एप है यह। चलिए दोस्तों, मैं आपको ट्रैफिक से परेशान एक चीनी युवक की ख़बर बताता हूं जिसमे ऑफिस जाने के लिए निकाला ये अनोखा तरीका।

दोस्तों, रोज-रोज ट्रैफिक जाम में फंसकर देर से ऑफिस पहुंचने की समस्या से परेशान होकर चीन के एक युवक ने इसका अनोखा इलाज खोजा। उसने अपनी कार को छोड़कर घोड़े से ऑफिस आना-जाना शुरू कर दिया। उसे ट्रैफिक सिग्नल पर भी रुकना नहीं पड़ा। अब रोज ऑफिस आने-जाने के लिए यह उसके यातायात का प्रमुख साधन बन गया है। चीन की सोशल साइटों पर उसके फोटो अपलोड किए जा रहे हैं। इस प्रयोग के बारे में युवक ने कहा कि उसे हर दिन ट्रैफिक के कारण ऑफिस पहुंचने में देरी हो जाती थी। युवक ने कहा कि रोज सुबह ऑफिस पहुंचने पर उसमें काफी थकावट दिखने लगती थी। अब ऐसा नहीं है। वह खुशी-खुशी घुड़सवारी करता है। शाम को घर लौटते वक्त अक्सर घोड़े के साथ कदमताल भी करता है। लोग इस युवक को हैरानी से देखते हैं। इस पर उसने कहा कि रोज ऑफिस पहुंचने में देर होना अच्छा नहीं है। लोगों के नजरिए पर मुझे परेशानी नहीं है। कई लोग नेट पर इस फोटो को देखने के बाद अजीबो- गरीब टिप्पणी भी कर रहे हैं, जैसे क्या आपने अपनी बीएमडब्ल्यू का रजिस्ट्रेशन कराया है।

यांग- (हंसते हुए)... यह युवक तो वाकई समझदार निकला जिसने ट्रैफिक जाम से छुटाकारा पाने के लिए एक निराला तरीका ही ढूंढ लिया। अब मैं एक पेड़ के बारे में बताती हूं जो हंसता भी है।

दोस्तों, गुदगुदी करने पर लोग खिलखिलाकर हंस पड़ते हैं। लेकिन क्या आपने कभी किसी पेड़ को गुदगुदी की है। सुनकर थोड़ा अजीब लगा न आखिर पेड़ को क्यों कोई गुदगुदी करेगा। मैं आपको एक ऐसे ही पेड़ के बारे में बता रही हूं। जी हां दोस्तों, उत्तराखंड के कालाढूंगी जंगल में एक ऐसा ही पेड़ है जिसके तने में अगर अंगुलियां रगड़ी जाये तो इसकी शाखाएं हिलने लगती है। इसलिए वहां के स्थानीय निवासी इसे हंसने वाला पेड़ कहते हैं। हालांकि इसकी जानकारी का कोई दावा यहां के वन सरक्षण विभाग ने नहीं किया है, पर यहां इस पेड़ को देखने के लिए पर्यटक आते रहते हैं। इसका वानस्पतिक नाम 'रेंडिया डूमिटोरम' है। कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के वनस्पति विज्ञान के प्राध्यापक प्रो. ललित तिवारी के अनुसार इस पेड़ की शाखाएं कंटीली होती हैं और यह हिमाचल प्रदेश में पाया जाता है। हालांकि प्रो. तिवारी के अनुसार पेड़ में कंपन होना शोध का विषय है।

अखिल- जी यांग मैडम.. यह वाकई शोध का विषय है। आपने सच में हैरान कर देने वाली ख़बर बतायी है। दोस्तों, मैं अब आपको एक स्टोरी बताने जा रहा हूं कि पहाड़ पर चढ़ते-चढ़ते हुआ प्यार, इनकी 'Love Story' है बहुत खास!

दोस्तों, लंदन के एक कपल जैकोब कुक और ब्रोनविन होजिन्स की लव स्टोरी बहुत खास है। ये दोनों रॉक क्लाइम्बिंग क्लब में मिले, जान-पहचान हुई और फिर साथ-साथ पहाड़ चढऩे लगे। इन्हें पता भी नहीं चला कि कब पहाड़ों की ऊंचाई नापते-नापते इन्हें एक-दूसरे से प्यार हो गया। लेकिन जब दोनों को इस बात का अहसास हुआ, तो पहाड़ पर ही अपने प्यार को परवान चढ़ाने का फैसला किया। दोनों साथ-साथ पहाड़ चढ़ते गए और रोमांस के खूबसूरत लम्हों को जमीन से सैकड़ों फीट ऊपर जीते रहे।

26 साल के जैकोब और 22 साल की ब्रोनविन जब से मिले हैं करीब 3 हजार फीट की ऊंचाई नाप चुके हैं। जैकब के मुताबिक, पहाड़ों की ऊंची चढ़ाई के लिए पार्टनर पर काफी ट्रस्ट की जरूरत होती है और वह उनमें है। उन्होंने प्रेमिका ब्रोनविन की जिंदगी अनगिनत बार बचाई है। उन्होंने कहा कि कई बार ऊंचे पहाड़ों पर होने वाले तनाव उन्हें और अधिक करीब ले आते हैं।

ताजा तस्वीरों में यें कपल एक ऊंचे पहाड़ पर खतरनाक तरीके से बनाए एक छोटे घर में दिख रहे हैं। वे दोनों पहाड़ों पर खतरनाक स्टंट को अंजाम देते हैं। दोनों अमेरिका, फ्रांस, स्पेन सहित कई देशों के पहाड़ घूम चुके हैं।

यांग- चलिए दोस्तों, अभी हम सुनते हैं यह हिन्दी गाना... उसके बाद आपके ले चलेंगे हमारे मनोरंजन के दूसरे सेगमेंट की तरफ...

1 2 3 4
© China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040