Web  hindi.cri.cn
    सीआरआई भारतीय संवाददाता की शानशी यात्रा--शीआन और यहां का इम्पीरियल गार्डन
    2017-04-24 12:44:24 cri

    उत्तर पश्चिम चीन के शानशी प्रांत की राजधानी शीआन ऐतिहासिक लिहाज से प्रसिद्ध है। शीआन का नाम आते ही टेराकोटा वॉरियर याद आते हैं। शीआन का महत्व इसी लिहाज से समझा जा सकता है कि यह चीन में चार प्राचीन राजधानियों में से एक माना जाती है। सीआरआई के तमाम विदेशी और चीनी पत्रकारों का दल 23 अप्रैल को इसी ऐतिहासिक शहर पहुंचा।

    एयरपोर्ट से होटल जाते वक्त इस बात का साफ अंदाजा हो जाता है कि यह शहर न केवल प्राचीन और ऐतिहासिक इमारतों के लिए जाना जाता है। बल्कि हाल के वर्षों में हुए तेज़ विकास की कहानी यहां की गगनचुंबी इमारतें और चौड़ी-चौड़ी सड़कें बयान करती हैं।

    यहां मैं, शीआन के सबसे प्रमुख और आकर्षक गार्डन की बात करूंगा। जिसका नाम है, ता थांग फूरोंग गार्डन। यह प्राचीन थांग राजवंश के समय से शाही गार्डन हुआ करता था। जिसमें अब भी थांग वंश की झलक पूरी तरह दिखती है। लगभग 165 एकड़ क्षेत्र में फैले इस विशाल गार्डन की सुंदरता देखते ही बनती है। पार्क में न केवल विशाल झील मौजूद है, बल्कि फूल और हरे-भरे पौधे बरबस हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर लेते हैं। इसके साथ नीला आसमान और स्वच्छ वातावरण इस गार्डन की खूबसूरती में चार चांद लगा रहे थे। दिनभर की थकान के बावजूद यहां आने के बाद मेरा मन वापस लौटने को नहीं था, लेकिन मजबूरी कि वक्त कम था। गार्डन के किसी भी कोने पर नजर दौड़ाएं, कुछ न कुछ अनोखा मौजूद है। समूचे गार्डन में 12 सुरम्य क्षेत्र स्थित हैं। जो कि चयुन टावर ब्लॉक, एलीगेंट लेडी एरिया, इम्पीरियल बैंक्वट हॉल, फांगलिन फ्रैगरेंट गार्डन, फ़ीनिक्स थिएयटर और छ्वी च्यांग लेक आदि में फैला है। ता थांग फूरोंग गार्डन की सुंदरता और विशालता की ख्याति दुनिया भर में फैली है। यहां लगने वाली वाटर फ़िल्म अलग ही पहचान रखती है। दरअसल पानी की स्क्रीन पानी की फिल्म होती है। जो यहां आने वाले लोगों को एक अलग ही दुनिया में ले जाती है। गार्डन के अंदर प्रवेश करते ही रोजमर्रा की भागदौड़ भरी जिंदगी से आराम मिल जाता है। गार्डन में बड़ी संख्या में लोग घूमने और इतिहास से रूबरू होने आते हैं। अगर आपको भी शीआन आने का मौका मिले तो, इस गार्डन में जरूर आएं।

    (अनिल आज़ाद पांडेय)

    © China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
    16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040