Web  hindi.cri.cn
पेइचिंग में मनाया गया "पेइचिंग अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव-2017"
2017-04-21 10:44:34 cri

चीन की राजधानी पेइंचिंग में 20 अप्रैल को "पेइचिंग अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव-2017" और "पेइचिंग-थियनचिन-हपेई पतंग आदान-प्रदान गतिविधि" का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों देसी-विदेशी पेशेवर पतंगबाजों ने हिस्सा लिया। पतंग प्रतियोगिता देखने आये दर्शकों ने अपनी-अपनी टीमों का उत्साहवर्धन किया।

इस पतंग महोत्सव का आयोजन पेइचिंग के फंगथाई जिले में स्थित गार्डन एक्स्पो पार्क में पेइचिंग खेल अकादमी, विदेशी देशों के साथ मैत्री के लिए पेइचिंग जन संघ, पेइचिंग फंगथाई जन सरकार के संयुक्त तत्वाधान में हुआ।

मंच पर उपस्थित पेइचिंग फंगथाई जन सरकार के उपाध्यक्ष फंग श्याओक्वांग, फंगथाई जन कांग्रेस की उप डायरेक्टर मैडम वांग पाइलिंग ने पेइचिंग अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव और पेइचिंग-थियनचिन-हपेई पतंग आदान-प्रदान गतिविधि में आए सभी पतंगबाजों और पंतग प्रेमियों को हार्दिक धन्यवाद दिया।

इस महोत्सव में अलग-अलग आकार की पतंगे देखी गईं। छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी पतंगों ने सभी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। वहां पतंगों की प्रदर्शनी भी लगाई गई जिसमें पतंग बनाने वालों ने अपनी शानदार पतंगों का प्रदर्शन किया। वहां मौजूद पतंगबाजों ने बताया कि कुछ पतंगों को तैयार करने में 1-2 साल का समय लग जाता है।

पतंग महोत्सव में हिस्सा लेने आये दर्शकों ने पतंग बनाने की गतिविधियों में हिस्सा लिया और अपने हाथों से पतंग बनाई। उसके बाद उन्होंने खुद से तैयार की हई पतंगों को उड़ाकर पतंग महोत्सव का आनंद लिया।

बता दें कि चीन में पतंग उड़ाना बहुत लोकप्रिय है। राजधानी पेइचिंग, थ्येनचिन, शानतुंग प्रांत और च्यांगसू प्रांत में पतंग उड़ाना बहुत लोकप्रिय है। चीन में पतंग का इतिहास हजारों वर्ष पुराना है। कहा जाता है कि राजधानी पेइचिंग में पतंग का इतिहास कोई 300 साल पुराना है।

(अखिल पाराशर)


1 2 3 4 5 6
आप  की  राय  लिखें
© China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040