Web  hindi.cri.cn
चीन का वसंत त्यौहार

जैसा कि पश्चिमी देशों के लोगों के लिए क्रिसमस त्यौहार सब से महत्वपूर्ण त्यौहार है, उसी तरह, वसंत का त्यौहार चीनी लोगों का सब से महत्वपूर्ण त्यौहार है। हालांकि समय बदलने के साथ साथ वसंत त्यौहार में शामिल विषयों में भी परिवर्तन होता आया है। वसंत त्यौहार मनाने के तरीकों में भी परिवर्तन आये हैं। लेकिन, चीनी लोगों के जीवन और संस्कृति में वसंत त्यौहार का स्थान अनिर्वार्य है।

चीन के वसंत त्यौहार का 4000 वर्षों का इतिहास है। पहले वसंत त्यौहार को कोई नाम नहीं दिया गया था और कोई इस के मनाने की निश्चित तिथि भी नहीं थी। ईसापूर्व 2100 से ज्यादा वर्षों से पहले, तत्कालीन लोगों ने मू उपग्रह के एक चक्र पूरा करने को चीनी में "स्वेई" कहा था। ईसापूर्व 1000 से ज्यादा वर्षों से पहले, लोगों ने वसंत त्यौहार को "नियन" कहा। उस वक्त, नियन का अर्थ भरपूर फसल वाला साल ही था।

चीनी रीति रिवाजों के अनुसार, वसंत त्यौहार चीनी पंचांग के अनुसार, 23 दिसम्बर से शुरु होता है और नये साल के 15 जनवरी के व्येन श्याओ त्यौहार तक चलता है। वसंत त्यौहार लगभग तीन हफ्ते लम्बा है। इस दौरान, चीनी पंचांग के अनुसार, 30 दिसम्बर को नये साल की पूर्व संध्या और पहली जनवरी का दिन सब से धूमधान से मनाये जाते हैं।

वसंत त्यौहार को मनाने के लिए शहरों से गांवों तक, लोग विभिन्न कार्यवाईयां करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में त्यौहार की तैयारी दिसम्बर माह ही शुरु हो जाती है। किसान लोग घरों में मकानों की सफ़ाई करते है और सारे धोते हैं। लोग बाजारों से मिठाईयां, मांस व फल आदि खरीदते हैं और त्यौहार के दिन मेहमानों को खिलाते हैं। बड़े शहरों में चीन के सांस्कृतिक विभाग , कला मंडल और टी वी स्टेशन बहुत से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी करते हैं। विभिन्न पार्कों में परम्परागत मेलों का आयोजन किया जाता है। मेलों में चीनी लोग न केवल अनेक मजेदार खेलों में भाग लेते हैं, बल्कि देश के विभिन्न प्रांतों से लायी गयी चीजें भी खरीद सकते हैं। एक अनुमान के अनुसार, वसंत त्यौहार के दौरान, चीनी लोगों का खर्च सारे वर्ष के कुल खर्चों का लगभग एक तिहाई होता है।

चीन के विभिन्न प्रांतों में, वसंत त्यौहार मनाने के भिन्न भिन्न परम्परागत रीति रिवाज हैं।लेकिन, नये साल की पूर्व संध्या पर, चीनी लोगों के लिए एक साथ मिलकर घर में खाना खाना जरुरी है। दक्षिण चीन में उस रात तो फ्यू और मछली खाना जरुरी है। चूंकि तो फ्यू और मछली के लिए चीनी शब्द फू य्वू उच्चारण में लगभग समान हैं। उत्तरी चीन में उस रात च्याओ जी खाना आवश्यक है। च्याओ जी वास्त्व में मांस को आटे में फरकर बनाया जाने वाला एक किस्म का चीनी परम्परागत खाना है। एक साथ मिलकर मेज़ के इर्द गिर्द बैठे हुए च्याओ जी खाना उत्तरी चीनी लोगों के लिए नव वर्ष की पूर्व संध्या की एक जरुरी रस्म है।

नव वर्ष की पूर्व संध्या पर, लोग नव वर्ष का स्वागत करते हैं। पहले, नव वर्ष के आगमन पर लोग पटाखे जलाते हैं। लेकिन आजकल सुरक्षा और प्रदूषण को ध्यान में रखकर पेइचिंग और चीन के कुछ बड़े शहरों में पटाखे चलाने पर पाबंदी लगा दी गयी है। नव वर्ष के पहले दिन, घर के सभी लोग, छोटे व बड़े, नये कपड़े पहनकर या तो घर में मेहमानों का स्वागत करते हैं या बाहर जाकर परिवारजनों को नव वर्ष की बधाई देते हैं। लोग एक दूसरे को "नया साल मुबारक" या "वसंत त्यौहार की शुभकामनाएं" आदि कहते हैं। घर में लोग मिठाई खाते हैं, चाय पीते हैं और आराम से गपशप करते हैं। पिछले एक वर्ष में यदि मित्रों के बीच विवाद हुआ हो, तो भी वसंत त्यौहार के मौके पर एक दूसरे को नव वर्ष की बधाई देने से उन के बीच सुलह हो जाती है।

वसंत त्यौहार की रंग बिरंगी रस्में होती हैं। चीन के कुछ स्थलों में लोग नाटक या फिल्में देखते हैं, कुछ स्थलों में लोग सिंह नृत्य और परम्परागत यांग ग नृत्य करते हैं और मेलों में जाकर आनंद उठाते हैं । चारों ओर हंसी-खुशी का वातावरण दिखाई देता है। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर अधिकांश चीनी लोग घरों में बैठे हुए टी वी पर सांस्कृतिक कार्यक्रम देखते हैं। विभिन्न टी वी स्टेशन अनेक रंगारंग कार्यक्रम तैयार करते हैं।

द्वार या खिड़कियों पर छ्वन ल्येन नामक चित्र चिपकाना और लालटेन जलाना वसंत त्यौहार को मनाने की चीनी लोगों की आम रस्में हैं। त्यौहार के दौरान, बाजारों में चीनी जनता के सुखमय जीवन , खुशी श्रम को दर्शाती विविधतापूर्ण छ्वन ल्येन चित्रों की बिक्री खूब होती है। वसंत त्यौहार के दौरान, "लालटेन उत्सव" भी एक बहुत महत्वपूर्ण रस्म है। लालटेन चीन की परम्परागत कला है। लालटेनों पर विभिन्न किस्मों के जीव जन्तु, सुहावने दृश्य और वीरों के चित्र आदि बनाये जाते हैं। इतना ही नहीं, लालटेन का अपना अपना भिन्न आकार भी होता है।

लोगों के जीवन स्तर के उन्नत होने के साथ साथ चीनी लोगों द्वारा वसंत त्यौहार को मनाने के तरीकों में भी परिवर्तन आये हैं। बाहर जाकर पर्यटन करना चीनी लोगों के वसंत त्यौहार मनाने का एक नया फैशन बन गया है।

© China Radio International.CRI. All Rights Reserved.
16A Shijingshan Road, Beijing, China. 100040